लखनऊ

गांधी जयंती पर CM योगी का बड़ा संदेश, बापू के आदर्शों को बताया विकसित भारत की प्रेरणा

Gandhi Jayanti: महात्मा गांधी जयंती पर CM योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- बापू के विचार और आदर्श आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में दे रहे हैं निरंतर मार्गदर्शन। पढ़ें पूरा संदेश।
2 min read
• •
Oct 02, 2026
गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मौजूद उप मुख्यमंत्री, मंत्री और जनप्रतिनिधि। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मौजूद उप मुख्यमंत्री, मंत्री और जनप्रतिनिधि। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )

 Gandhi Jayanti: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित जीपीओ परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा निवेदित की। मुख्यमंत्री ने बापू के आदर्शों और उनके विचारों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति और आध्यात्मिक भाव से ओतप्रोत भजनों व गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रस्तुतियों का श्रवण किया।

बापू की प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प

जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वातावरण गांधी जी के विचारों और उनके जीवन मूल्यों से जुड़े संदेशों से सराबोर रहा।

भजनों से गूंजा कार्यक्रम स्थल

गांधी जयंती के अवसर पर स्कूली बच्चों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘वह शक्ति हमें दो दयानिधे’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ सहित विभिन्न भजनों और गीतों की संगीतमयी प्रस्तुति दी। बच्चों की सुमधुर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों को सुना और गांधी जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

सीएम ने दी अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर बापू ने संपूर्ण विश्व को स्वदेशी और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इस अवसर पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए बापू के विचार प्रासंगिक

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श, सादगी और विचार आज भी समाज और राष्ट्र को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बापू के विचार आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। गांधी जी ने स्वदेशी, स्वावलंबन, सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाया और इन मूल्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

पुष्पांजलि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान और पवन सिंह चौहान मौजूद रहे। इनके अलावा डॉ. नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जय देवी, अमरेश कुमार तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भी गांधी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

गांधी के विचारों को जीवन में उतारने का संदेश

गांधी जयंती के इस कार्यक्रम में बापू के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और सादगी के संदेश को याद किया गया। मुख्यमंत्री ने गांधी जी के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के लिए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति श्रद्धा और उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।

Updated on:
02 Oct 2026 11:47 am
Published on:
02 Oct 2026 11:44 am