
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह अचानक लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संत महंत नृत्य गोपाल दास का हालचाल जाना। पिछले पांच दिनों से अस्पताल के आईसीयू में भर्ती महंत नृत्य गोपाल दास का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में डॉक्टरों से मुलाकात कर महंत के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि महंत की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संक्रमण को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है। फिलहाल उनका उपचार क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की देखरेख में जारी है।
मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार, 89 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून की दोपहर अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान उन्हें सांस लेने में तकलीफ और मूत्र मार्ग संक्रमण (UTI) की समस्या पाई गई। इसके बाद उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती कर क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप और उनकी टीम की निगरानी में रखा गया।
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, उनकी सेहत में सुधार के संकेत हैं, लेकिन उम्र और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को देखते हुए उन्हें अभी विशेषज्ञ निगरानी में रखा गया है।
यह पहला अवसर नहीं है जब महंत नृत्य गोपाल दास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा हो। इससे पहले इसी वर्ष जनवरी में भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उनका इलाज मेदांता अस्पताल में हुआ था। उस दौरान भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने गए थे। उपचार के बाद वह स्वस्थ होकर वापस लौट आए थे।
महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के सबसे प्रमुख और वरिष्ठ संतों में गिने जाते हैं। उन्होंने दशकों तक राम जन्मभूमि आंदोलन का नेतृत्व किया और मंदिर निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वर्ष 1986 में वह राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष बने और बाद में राम जन्मभूमि न्यास का नेतृत्व संभाला।
वर्तमान में वह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। राम मंदिर आंदोलन के दौरान संत समाज को संगठित करने, जनजागरण अभियान चलाने और आंदोलन को दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अयोध्या में भूमि पूजन से लेकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा तक के ऐतिहासिक आयोजनों में भी वह प्रमुख रूप से शामिल रहे।