इसी के साथ इन लोगों को कारण बचाओ नोटिस भी जारी किया जाएगा.
लखनऊ. सीएम योगी द्वारा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू किए गए जनता दर्शन कार्यक्रम में कई जिलाधिकारी आना कानी करते दिख रहे हैं। वे समय से दफ्तर नहीं पहुंच रहे जिससे जनता को मायूस होकर अपनी परेशानियां हल कराए बगैर घर वापस जाना पड़ रहा है। सीएम योगी को इसकी काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। और गुरुवार को इसका संज्ञान लेते हुए उन्होंने ऐसे जिलाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है।
सुबह नौ बजे कलेक्ट्रेट पहुंचने का समय निर्धारित हैं, लेकिन इसके बावजूद कई जिलाधिकारी समय से कलेक्ट्रेट नहीं पहुंच रहे हैं। जिससे लोगों को डीएम से मिलने के लिए कई घंटे से अधिक का इंतजार करना पड़ रहा है। कई फरियादी अपनी फरियाद लेकर आते, लेकिन जनता दर्शन में जिलाधिकारी की गैरमौजूदगी से उन्हें मायूस होकर वापस जाना पड़ा रहा है।
सीएम योगी ने जारी किया आदेश-
सीएम योगी को ऐसे ही 10 जिलाधिकारीयों की सूची मिली है, जो कलेक्ट्रेट में उपस्थित नहीं रहते। इसके बाद उन्होंने इन लोगों की कलेक्ट्रेट में उपस्थिति चेक करने के निर्देश दिए हैं। 9 बजे का समय निर्धारित है और शुक्रवार सुबह यही देखा जाएगा कि जिलाधिकारी समय से आ रहे हैं या नहीं। इसी के साथ इन लोगों को कारण बचाओ नोटिस भी जारी किया जाएगा जिससे उनकी अनुपस्थिति को लेकर जवाब मांगा जाएगा। सीएम योगी ने साथ ही में यह भी कहा है कि सरकार के निर्देशों के अनुपालन न करने वाले अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना है कि सीएम योगी के निर्देशों का कितना असर पड़ता है।