यंका गांधी को कांग्रेस महासचिव व पूर्वी यूपी का प्रभारी बनाए जाने की औपचारिक घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न जैसा माहौल है.
लखनऊ. प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव व पूर्वी यूपी का प्रभारी बनाए जाने की औपचारिक घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न जैसा माहौल है। ऐलान होने के तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी के पोस्टर्स लेकर लखनऊ में कांग्रेस के दफ्तर का रुख किया। पोस्टर में प्रियंका गांधी को मां दुर्गा का रूप बताया गया है व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद दिया गया है।
पोस्टर में लिखा इंदिरा इज बैक-
राहुल गांधी समर्थक राहुल अवस्थी और केडी दीक्षित की तरफ से लगाए गए इन पोस्टर में प्रियंका गांधी को दुर्गा का अवतार बताया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तस्वीर इस पोस्टर में दिखाई दे रही है। पोस्टर में साथ ही लिखा गया है कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचारी रूपी असुरों का संहार करने के लिए प्रियंका गांधी के रूप में मां दुर्गा का अवतार हुआ है। उन्हें यूपी में प्रभार देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद। वहीं कांग्रेस के गढ़ रायबरेली व अमेठी में भी प्रियंका गांधी को पार्टी में कमान दिए जाने पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। इसके लिए उन्होंने राहुल गांधी को बधाई भी दी।
पहले भी लगे ऐसे पोस्टर-
प्रियंका गांधी पर्दे के पीछे रहकर कांग्रेस के लिए लगातार कार्य कर रही थी, लेकिन औपचारिक रूप से उन्हें राजनीति में लाने की मांग कार्यकर्ता काफी अरसे से कर रहे थे। इससे पहले भी कई पोस्टर्स के जरिए इसकी कोशिश की गई थी। इनमें आ जाओ प्रियंका, छा जाओ प्रियंका जैसे नारो का इस्तेमाल किया गया है।