रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह की शादी तय हो गई। पंजाब के कांग्रेस एमएलए से 21 नवम्बर को दिल्ली में उनका ब्याह होगा।
लखनऊ. रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह की शादी तय हो गई। पंजाब के कांग्रेस एमएलए अंगद सैनी के साथ 21 नवम्बर को वह दिल्ली में सात फेरे लेंगी। सोशल मीडिया पर दोनों की शादी का कार्ड भी वायरल हो रहा। वहीं अदिति सिंह ने एक हिंदी समाचार से बातचीत में शादी की बात की पुष्टी की है। उन्होंने कहा है कि स्वर्गीय पिता (अखिलेश सिंह) ने पहले ही उनकी शादी तय कर दी थी। अदिति सिंह का परिवार जहां गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाले यूपी की रायबरेली में वर्षों से सक्रिय रहा है, वहीं अंगद सैनी का परिवार भी पंजाब की राजनीति में बड़ा नाम है।
अदिति ने कहा कि यह शादी पिता अखिलेश सिंह ने तय की थी। आपको बता दें कि अखिलेश सिंह रायबरेली से कई दफा विधायक रह चुके थे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद हैं।
वहीं अंगद सैनी ने भी 2017 में अपनी राजनीतिक कैरियर की शुरुआत की थी। वह पंजाब के शहीद भगत नगर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव जीते थे। वह स्वर्गीय दिलबाग सिंह के परिवार से आते हैं, जिन्होंने रिकॉर्ड छह बार नवांशहर सीट से जीत हासिल की थी।
हाल ही में अदिति रही थी सुर्खियों में-
अदिति सिंह बीत माह दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौक पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होकर सुर्खियों में आ गई थी। उन्होंने कांग्रेस का कार्यक्रम में न जाकर विधानसभा के विशेष सत्र में जाना सही समझा, जिसके बाद कांग्रेस में ही उनका विरोध शुरू हो गया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था।