लखनऊ

यूपी कांग्रेस का सीएम योगी पर निशाना, कहा- कुर्सी बचाने के लिए दिल्ली की दौड़ लगा रहे मुख्यमंत्री, परेशान जनता की नहीं फिक्र

यूपी कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. हिलाल अहमद ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना, कहा- पूंजीपति मित्रों के साथ मिलकर जनता का शोषण कर रही सरकार
2 min read
• •
Updated: 13 Jun 2021, 4:16 PM IST
congress.jpg
congress


पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. हिलाल अहमद ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ती हुई महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है लेकिन सरकार इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रही है। भाजपा अपनी पूरी ताकत मुख्यमंत्री बनाने व हटाने में लगा रही है। प्रदेश की जनता को महंगाई डाइन के सुपुर्द कर सरकार में मलाईदार पदों को प्राप्त करने की भारतीय जनता पार्टी के नेताओं में होड़ लगी है। मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी को बचाने के लिए दिल्ली और लखनऊ के बीच में शंटिंग कर रहे हैं तथा प्रदेश की जनता को भगवान भरोसे एक बार फिर छोड़ दिया है।

प्रदेश में सरसों का तेल 200 के पार है, समस्त दालें 150 रुपये से लेकर 200 रुपये में बिक रही हैं, परन्तु सरकार के कान पर जू भी नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा कि दलहन एवं तिलहन की रिकार्ड पैदावार प्रदेश के किसानों ने की पर इसका लाभ न तो किसान को मिल रहा है और न प्रदेश की जनता को। नये कृषक कानूनों के अन्तर्गत आवश्यक वस्तु अधिनियम को निरस्त कर दिया गया है जिसका लाभ उठाकर सरकार के धनपशु दोस्त दलहन एवं तिलहन को अपने गोदामों में भर कर बेतहाशा लाभ कमा रहे हैं। यह अत्यधिक शर्म की बात है कि सरकार अपने पूंजीपति मित्रों के साथ मिलकर गरीब जनता का शोषण कर रही है।

महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि आर्थिक व्यवस्था का ऐसा कुप्रबन्धन उत्तर प्रदेश की जनता आजादी के बाद से पहली बार झेल रही है। लगातार बढ़ते हुए डीजल एवं पेट्रोल के दामों ने जनता की कमर पहले ही तोड़ रखी थी। अब खाद्य पदार्थो के आसमान छूते हुए मूल्यों ने गरीब जनता के मुँह से निवाला भी छीन लिया है। डॉ हिलाल नकवी ने सरकार से यह अनुरोध किया है कि वे इस बढ़ती हुई महंगाई में तुरन्त लगाम लगायें तथा गरीबों के खातों में कम से कम 6 हजार रुपये प्रतिमाह डालें। इसी के साथ यह चेतावनी भी दी है कि यदि सरकार ने महंगाई को कम करने के कदम तुरन्त न उठाये तो एक बार फिर कांग्रेस जनता की आवाज बनकर बढ़ती हुई महंगाई के विरुद्ध सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होगी।

Published on: