
लखनऊ. उन्नाव में जमानत पर छूटे गैंगरेप के आरोपियों द्वारा पीड़िता को जिंदा जलाये जाने के मुद्दे को लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रेसवार्ता कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्नाव की घटना के बाद उत्तर प्रदेश जंगलराज बन गया है। जो अपराधी जेल में थे वह छूट कर आये और बेटी को जलाने की कोशिश की। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल उन्नाव जाएगा और पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ेगी।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूती से महिलाओं के साथ खड़ी है। पार्टी सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। क्या यही उनकी उपलब्धियों का पिटारा है? मैनपुरी की घटना ने में प्रियंका गांधी के ट्वीट के बाद जागने वाली सरकार की कलई खुल चुकी है।
छह वर्षों से संकट में है देश
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि देश में आर्थिक आपातकाल और बेरोजगारी की वजह से पिछले छह वर्षों से देश संकट में है। देश की जीडीपी दहाई से घटकर 4.5 पर आ गयी है। बेरोजगारी चरम पर है। यह सरकार किसानों के प्रति बिल्कुल गम्भीर नहीं है। सरकार ने कहा था कि धान का दाम दोगुना कर देंगे, लेकिन आज तक सिर्फ 200 रुपए बढ़ाकर 1625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने अपना वादा पूरा करते हुए 2500 रुपए में धान खरीद रही है।
'जनता पर अत्याचार कर रही है सरकार'
सरकार ने कहा था कि पराली खरीदेंगे, लेकिन अभी तक सिर्फ मुकदमा लिखकर किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। किसान विरोधी सरकार ने कृषि की दवाई पर भी टैक्स लगाने का काम किया है। सरकार सिर्फ और सिर्फ देश की जनता पर अत्याचार कर रही है। इसी के विरोध में कांगरेस पार्टी दिल्ली में 14 दिसंबर को रैली कर रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश से भारी संख्या में भागीदारी हो रही है। इसे लेकर कांग्रेस ने पोस्टर भी रिलीज किये।
देखें वीडियो...