Construction Material Price Today : उत्तर प्रदेश में लंबे समय से महंगी चल रही भवन निर्माण सामग्री की कीमतों में दिसंबर के पहले सप्ताह से गिरावट आई है। दाम गिरने के पीछे भवन सामग्री कारोबारी वजह बताते हैं कि, दिन छोटा होने के कारण लोग निर्माण कार्य 20 जनवरी के बाद शुरू करवाते हैं। इसलिए मांग के हिसाब से बाजार में भवन सामग्री भरपूर मात्रा में है।
लखनऊ. अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों को अभी भी अपने सपने को पूरा करने का भरपूर मौका है। प्रदेश में फिलहाल अभी भवन निर्माण से जुड़ी सामग्रियों की कीमतें स्थिर रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में वर्तमान समय में भवन निर्माण की सामग्री जैसे रेत, बजरी और गिट्टी, ईंट आदि की कीमतों में भारी कमी आई है। इसके अलावा प्रदेश में 123 स्थानों पर खनन की अनुमति मिलने के बाद, बालू, मौरंग और बजरी की कीमतों और अधिक गिरावट हो सकती है। अभी कुछ महीने पहले तक उत्तर प्रदेश में भवन निर्माण से जुड़ी सामग्री जैसे मौरंग, बालू. बजरी, ईंटों की कीमतें आसमान छू रही थी। जिसके चलते लोग अपना घर बनवाने में कतरा रहे थे। लेकिन दिसंबर माह से कीमतें घटने के बाद भवन निर्माण के काम में तेज आई है।
दिसंबर से पहले आसमान छू रही थी कीमतें
हर आदमी का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो, लेकिन आर्थिक तौर पर कमजोर लोग पैसा होने के बाद भी अपना घर बनवा पाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। जिसके पीछे कारण यह था कि दिसंबर माह से पहले उत्तर प्रदेश में भवन निर्माण से जुड़ी सामग्रियों की कीमतें आसमान छू रही थी। दिसंबर से पहले मौरंग करीब 65 से 70 हजार रुपये प्रति एक हजार घनफुट थे, उसकी कीमत वर्तमान समय में 50 से 55 हजार प्रतिघन फुट रह गई है। इसके अलावा, सीमेंट, सरिया, बालू, ईंट और बजरी आदि की कीमतों में भी काफी कमी आई है।
मौरंग-बालू के दामों में आई भारी कमी
दाम गिरने के पीछे भवन सामग्री कारोबारी वजह बताते हैं कि, दिन छोटा होने के कारण लोग निर्माण कार्य 20 जनवरी के बाद शुरू करवाते हैं। इसलिए मांग के हिसाब से बाजार में भवन सामग्री भरपूर मात्रा में है। कारोबारियों के मुताबिक, खपत कम होने से अचानक भवन निर्माण सामग्री की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। बालू करीब 15 से 20 हजार रुपये और मौरंग की कीमतों में 20-25 हजार रुपये प्रति हजार घनफुट की कमी आई है। वहीं गिट्टी की कीमतों में ढाई हजार रुपये प्रतिघन फुट की कमी दर्ज की गई है।
छोटा दिन होने के कारण लोग नहीं बनवाते हैं घर
सीमेंट कारोबियों के मुताबिक कि मौरंग, बालू, सरिया, गिट्टी समेत भवन सामग्री से जुड़ी सभी चीजों में बड़ी राहत आई है। कारोबारियों ने बताया कि इन दिनों दिन छोटे होते है, जिससे लोग नया घर बनवाने से कतरा रहे थे। कारोबारियों ने बताया कि यह राहत मकर संक्रांति तक रहेगी, क्योंकि इन दिनों भवन निर्माण के काम में 50 फीसदी कमी आ जाती है।
भवन निर्माण सामग्री की कीमतें
मौरंग- प्रति हजार घनफुट- 70,000 से 50,000 रुपये तक
बालू- प्रति हजार घनफुट- 40,000 से 25,000 रुपये तक
गिट्टी- प्रति हजार घनफुट- 60,000 58,000
सरिया (प्रति टन) 65,000 से 60,000 रुपये तक
सीमेंट (प्रति बोरी) 360 से 350 रुपये तक
ईंट नबंर वन (प्रति एक हजार) 5000 से 5200