लखनऊ

UP सरकार पर भड़के अखिलेश, कहा- महंगाई चरम पर है, स्मार्ट मीटर से चोरी हो रही है, ऊर्जा मंत्री ने दिया करारा जवाब

UP में विद्युत स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी है। कई जगहों पर स्मार्ट मीटर के विरोध में उपभोक्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरी तरफ महंगाई, बेरोजगारी और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है।

2 min read
May 02, 2026
Protest
सपा ने विद्युत स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया (Image- SP 'X')

महंगाई, बेरोजगारी और स्मार्ट विद्युत मीटर के मामले पर सपा ने योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया। इस मौके पर अखिलेश ने कहा- देश में महंगाई एवं बेरोजगारी चरम पर है। रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार गिरता जा रहा है।

अखिलेश बोले- भाजपा हर मोर्चे पर फेल

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि PDA समाजवादी पार्टी के साथ एकजुट है। भाजपा, PDA से डरी हुई है। भाजपा अराजकता पर उतारू है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचार और बेईमानी में ही महारत हासिल है। स्मार्ट मीटर से जनता की जेब से चोरी हो सकती है तो EVM से वोट की चोरी क्यों नहीं हो सकती है?

स्मार्ट विद्युत मीटर के विरोध में सड़क पर उतरे सपा नेता-कार्यकर्ता

गोरखपुर जिले में बिजली के बढ़ते बिल और स्मार्ट मीटर की कथित अनियमितताओं के खिलाफ शनिवार को समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गोरखपुर महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मोहद्दीपुर विद्युत कार्यालय का घेराव किया और जोरदार नारेबाजी की।

महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी ने कहा कि स्मार्ट मीटर, जनता की जेब पर डकैती है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रत्याशी काजल निषाद ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता की गाढ़ी कमाई लूटी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीटर की तेज रफ्तार और बिलों में भारी विसंगति ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेता जफर अमीन डक्कू और पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर की व्यवस्था में सुधार नहीं होता और उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलती है, तक सपा का संघर्ष जारी रहेगा।

अखिलेश के आरोपों पर ऊर्जा मंत्री का करारा जवाब

अखिलेश यादव के आरोपों एवं स्मार्ट मीटर मामले पर यूपी के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने करारा जवाब दिया है। अखिलेश और कांग्रेस के समय में हफ्तों तक बिजली नहीं आती थी। ए.के. शर्मा ने कहा कि विपक्ष हर रिफॉर्म का विरोध करता है। बिजली कर्मचारी गलत बिल बनाते थे और पैसे लेकर बिल ठीक करते थे। इसलिए तकनीक पर आधारित स्मार्ट मीटर की व्यवस्था की गई है। स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों को जो समस्या आई हैं, उसका निराकरण किया गया है। ऐसी समस्याओं का निराकरण आगे भी किया जाएगा।

अयोध्या और आजमगढ़ में स्मार्ट मीटर का विरोध

प्रीपेड स्मार्ट विद्युत मीटर को लेकर अयोध्या और आजमगढ़ में उपभोक्ताओं ने विरोध जताया। आयोध्या में उपभोक्ताओं ने तहसील परिसर के बलिदानी स्मारक पर पहुंच कर संयुक्त किसान मोर्चा के साथ एक दिवसीय धरना दिया। अंत में उप जिलाधिकारी के माध्यम से 7 सूत्रीय मांगपत्र राज्यपाल को भेजा गया।

Updated on:
02 May 2026 10:14 pm
Published on:
02 May 2026 10:07 pm