Cyber Crime. कैशबैक के लिंक पर क्लिक करने पर उसके बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में से 2709 रुपए कट गए।
लखनऊ. Cyber Crime. मोबाइल एप्स पर कैशबैक (Cashback fraud) का ट्रेंड चल गया। शॉपिंग करो तो कैशबैक, होटल, फ्लाइट, ट्रेन, बस, फिल्म आदि की बुकिंग करो तो कैशबैक। रिचार्ज और पेट्रोल पंप पर फोन पे (Phone Pe) , गूगल पे (Google Pay), पेटीएम (Paytm) आदि ऐप से भुगतान करने पर भी कैशबैक (Cashback Offers) उपलब्ध हो जाते हैं, लेकिन कैशबैक के चक्कर में भी खूब लोग ठगी का शिकार हो रहे है। ताजा मामले में एक शख्स को कैशबैक के चक्कर में एक लाख रुपए तक का चूना लग गया। शख्स के दो बैंक खातों से साइबर ठग वालों ने पैसे उड़ा दिए। हैरान परेशान पीड़ित ने इसकी शिकायत स्थानीय थाने में कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
यह है पूरा मामला-
यह ठगी उसे फोन पे पर कैशबैक का लिंक क्लिक करने पर हुआ है। उत्तरांचल के जिला बागेश्वर के गांव होराली के रहने वाले नंदन सिंह एक कंपनी में काम करते हैं। उसके फोन पे एप पर कैशबैक का लिंक आया, जिसे क्लिक करने पर उसके बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में से 2709 रुपए कट गए। नंदन हैरान हो गया और उसने फोन पे के कस्टमर केयर पर कॉल करे के इसकी शिकायत की। लेकिन यह तो ठगी की सिर्फ शुरुआत थी। कॉल करने के कुछ ही देर बाद उसके दूसरे बैंक यानी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से बिना किसी वजह के 97,831 रुपये कट गए।
नंदन के इस पर होश उड़ गए। आनन-फानन में नंदन पुलिस थाने पहुंचा। और मामले की शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए साइबर सेल को ट्रांसफर कर दिया है।