लखनऊ

Gold Silver Price: अब चांदी दिखा सकती है चमक! सोलर पैनल से शादी के गहनों तक बढ़ेगी मांग, सोने पर भी नजर

Gold Silver Rate : दीपावली के बाद सोने-चांदी की कीमतों में तेजी की उम्मीद है। शादी-विवाह के सीजन और औद्योगिक मांग से खासकर चांदी को मजबूती मिल सकती है।
3 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 2:44 PM IST
चांदी की औद्योगिक मांग से कीमतों को मिल सकता है सहारा, सोलर पैनल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में बढ़ रहा इस्तेमाल; सोने में भी निवेशकों की दिलचस्पी बरकरार (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )
चांदी की औद्योगिक मांग से कीमतों को मिल सकता है सहारा, सोलर पैनल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में बढ़ रहा इस्तेमाल; सोने में भी निवेशकों की दिलचस्पी बरकरार (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )

Bullion Market after Diwali: दीपावली का त्योहार बीतने के बाद अब सर्राफा बाजार की नजर आने वाले दिनों पर टिक गई है। शादी-विवाह का सीजन शुरू होने वाला है और इसके साथ ही सोने-चांदी के आभूषणों की मांग बढ़ने की उम्मीद है। बाजार के जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिलने वाले संकेत और औद्योगिक मांग आने वाले समय में कीमती धातुओं की कीमतों को मजबूती दे सकते हैं। खासकर चांदी की बढ़ती औद्योगिक जरूरत को देखते हुए इसमें अच्छी तेजी की संभावना जताई जा रही है। वहीं सोने में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है। ऐसे में दीपावली के बाद सर्राफा कारोबार में नई रौनक लौटने की उम्मीद कारोबारियों को है।

चांदी की बढ़ती मांग से कीमतों को मिल सकता है सहारा

चौक सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री विनोद माहेश्वरी का कहना है कि चांदी अब केवल गहनों और सिक्कों तक सीमित नहीं रह गई है। इसका इस्तेमाल तेजी से कई औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ रहा है। खासकर Solar Panel, Electronics और दूसरे तकनीकी उत्पादों में चांदी की जरूरत लगातार बनी हुई है। औद्योगिक क्षेत्र से आने वाली मांग इसकी कीमतों को सहारा दे सकती है। उनका मानना है कि आने वाले समय में चांदी का बाजार मजबूत रह सकता है और इसमें अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।

शादी-विवाह का सीजन बढ़ाएगा बाजार की रौनक

दीपावली के बाद शादी-विवाह का सीजन शुरू होने से सोने और चांदी के आभूषणों की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। शादी के लिए गहने खरीदने वाले परिवारों के साथ ही उपहार और पारंपरिक आभूषणों की मांग भी बाजार को गति दे सकती है। कारोबारियों को उम्मीद है कि Wedding Season के दौरान ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और सर्राफा बाजार में कारोबार बेहतर रहेगा। सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, कंगन और चांदी के आभूषणों की मांग में भी इजाफा हो सकता है।

वैश्विक हालात का भी कीमतों पर रहेगा असर

विनोद माहेश्वरी के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतें केवल घरेलू मांग से तय नहीं होतीं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले बदलावों का भी इन पर सीधा असर पड़ता है। डॉलर की मजबूती या कमजोरी, ब्याज दरों में बदलाव और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बनी आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियां कीमती धातुओं के भाव को प्रभावित करती हैं। जब वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बढ़ती है तो निवेशक अक्सर सोने को सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर देखते हैं। यही वजह है कि Gold में निवेश की दिलचस्पी बनी हुई है।

निवेश के लिहाज से भी सोने पर नजर

सोने को लंबे समय से सुरक्षित निवेश का एक प्रमुख विकल्प माना जाता रहा है। बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच निवेशक इसकी तरफ आकर्षित होते हैं। हालांकि, सोने की कीमतों में भी लगातार बदलाव होता रहता है। ऐसे में खरीदारी या निवेश का फैसला जल्दबाजी में करने के बजाय बाजार की चाल और अपनी जरूरत को समझकर लेना चाहिए। वहीं चांदी में औद्योगिक मांग के साथ-साथ निवेशकों की दिलचस्पी भी कीमतों को प्रभावित कर सकती है।

ग्राहकों को भाव की जानकारी लेकर खरीदारी की सलाह

विनोद माहेश्वरी ने कहा कि आने वाले समय में खासकर चांदी में अच्छी तेजी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि सोने और चांदी के भाव कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कारकों पर निर्भर करते हैं। इसलिए ग्राहकों को खरीदारी से पहले बाजार के ताजा भाव की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क, शुद्धता और मेकिंग चार्ज पर भी ध्यान देना जरूरी है।

कारोबारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद

ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के उत्तर प्रदेश संयोजक और चौक सर्राफा एसोसिएशन, लखनऊ के महामंत्री विनोद माहेश्वरी ने उम्मीद जताई कि दीपावली के बाद बाजार में नई ऊर्जा देखने को मिलेगी। शादी-विवाह के सीजन से ग्राहकों की खरीदारी बढ़ेगी और सर्राफा कारोबार को अच्छा सहारा मिलेगा। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में सोने-चांदी की मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार की चाल पर कारोबारियों के साथ-साथ ग्राहकों की भी नजर रहेगी।

Updated on:
9 Nov 2026, 2:44 PM IST
Published on: