
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार भर्ती परीक्षाओं में धांधली को रोकने के लिए कई बड़े फैसले ले रही है। इसी क्रम में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने भर्ती परीक्षाओं में बदलाव को लेकर बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने अब ग्रुप ‘सी' की भर्ती परीक्षाओं के लिए सिर्फ एक बार ही पंजीकरण कराने के साथ ही प्री और मेन एग्जाम कराने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ से विचार-विमर्श किया। इसके तहत प्री एग्जाम में सबसे ज्यादा पर्सेंटाइल वालों को मेन में मौका दिया जाएगा।
ये होंगे बदलाव
मुख्यमंत्री ने आयोग की बात पर कार्मिक विभाग को निर्देश दिया कि भर्ती संबंधी दूसरे सुझावों के साथ इसे भी रखा जाए। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के चेयरमैन प्रवीर कुमार ने बताया कि इसमें आवेदक अपनी शैक्षिक योग्यता, श्रेणी और अर्हता आदि से संबंधित प्रमाण-पत्रों को एक बार ही अपलोड करना होगा। आवेदक समय-समय पर अपनी यूजर प्रोफाइल को अपडेट भी कर सकेगा। एक बार पंजीकरण होने और आधार कार्ड संख्या के साथ लिंक होने के बाद आवेदक की तरफ से मूलभूत विवरण जैसे-नाम, पिता का नाम, जाति और जन्मतिथि, श्रेणी आदि को बदला नहीं जा सकेगा। हालांकि इस बीच अगर आवेदक कोई दूसरी उच्चतर शैक्षिक योग्यता या अर्हता हासिल करता है तो उसे उसमें अपडेट किया जा सकेगा।
धांधली रोकने के लिए कदम
इसके साथ ही आयोग दो स्तर की परीक्षा प्रणाली अपनाने पर विचार कर रहा है। इसके तहत आयोग पहले स्तर पर विभिन्न विभागों की अधीनस्थ सेवाओं के सभी तरह के पदों के लिए प्रारम्भिक अर्हकारी परीक्षा आयोजित कराएगा। इसके बाद दूसरे स्तर पर केवल प्रारम्भिक परीक्षा में सबसे ज्यादा पर्सेंटाइल के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा, कौशल परीक्षा, शारीरिक परीक्षा होगी। इससे धांधली रोकने में काफी हद तक सफलता मिलेगी।