
Lucknow Heat WaveAlert: उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में इस समय गर्मी चरम पर है। मई की शुरुआत से ही गर्म हवाएं लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही हैं। खासकर लखनऊ, बांदा, गाज़ीपुर, प्रयागराज, वाराणसी, और गोरखपुर जैसे शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।
सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा बांदा, जहां तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा के साथ-साथ अन्य जिलों में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
सिर्फ दिन ही नहीं, अब रातें भी असहज और गर्म हो चुकी हैं। गाजीपुर में रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गर्म रातें लोगों की नींद और स्वास्थ्य दोनों को प्रभावित कर सकती हैं।
राजधानी लखनऊ में आज प्रचंड धूप निकलने का अनुमान है और दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक जा सकता है। रविवार और सोमवार को भी यहां तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा रहा, यानी रातें भी अब तपिश भरी हो चुकी हैं।
लगातार तेज गर्मी के कारण अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, और ब्लड प्रेशर की शिकायतें बढ़ गई हैं। डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में नमक और पानी का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उत्तर प्रदेश इस समय गर्मी के चरम पर है और मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी बरतें, सेहत का ध्यान रखें, और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें।
लखनऊ, जहां सरकारी दफ्तरों और बाजारों में गर्मी का असर दिखने लगा है, आने वाले दिनों में 45 डिग्री तक तापमान देख सकता है।