CM Yogi Transfers ₹1500 Crore LPG Subsidy: होली से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ परिवारों को 1,500 करोड़ रुपये की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देकर बड़ी राहत प्रदान की।
Holi Gift CM Yogi : होली पर्व से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के करोड़ों गरीब परिवारों को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1 करोड़ 86 लाख लाभार्थी परिवारों के खातों में 1,500 करोड़ रुपये की रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का अंतरण किया। राजधानी लखनऊ के लोकभवन सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर योजना की राशि जारी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली खुशियों और सामाजिक समरसता का पर्व है और सरकार चाहती है कि कोई भी परिवार ईंधन की कमी के कारण त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा-इन चार वर्गों को केंद्र में रखकर योजनाओं का संचालन कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना केवल गैस कनेक्शन देने की योजना नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और स्वावलंबन से जुड़ा बड़ा सामाजिक परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 से प्रदेश सरकार ने त्योहारों के अवसर पर उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस रिफिल सहायता देने की व्यवस्था शुरू की थी। उसी क्रम में होली के अवसर पर 1,500 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि लाभार्थी इस राशि का उपयोग अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से सिलेंडर रिफिल कराने में कर सकते हैं, जिससे त्योहार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में पहली बार शासन की योजनाओं को गरीब, किसान, महिला और युवाओं की प्राथमिकता के साथ जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि देश में विकास का लाभ बिना भेदभाव हर नागरिक तक पहुंचे। ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ योजनाएं लागू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में आज भी 80 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश के लगभग 15 करोड़ लोग शामिल हैं।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से देश में 10 करोड़ से अधिक परिवारों और उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 86 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं धुएं से भरे चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर थीं, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता था। आज गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं का जीवन आसान हुआ है, स्वास्थ्य सुरक्षित हुआ है और समय की बचत भी हुई है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार प्रति सिलेंडर 335 रुपये 40 पैसे की सब्सिडी प्रदान कर रही है, जो सीधे लाभार्थियों के खातों में जाती है। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता और अपराध का माहौल था। त्योहारों से पहले तनाव और कर्फ्यू की स्थिति बन जाती थी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में दंगे नहीं होते, कर्फ्यू नहीं लगता और लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहार मनाते हैं। व्यापारियों, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की हालिया जर्मनी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और विदेशी निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। लखपति दीदी कार्यक्रम,शी-मार्ट योजना,मुख्यमंत्री महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना,महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना,इन योजनाओं के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को बाजार, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज और लखनऊ में मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों के माध्यम से हजारों महिलाएं दुग्ध उत्पादन से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ,मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना,मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से बेटियों को जन्म से शिक्षा और विवाह तक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में महिला श्रम भागीदारी दर 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंच गई है। महिलाएं अब सरकारी सेवाओं, उद्योगों और उद्यमिता में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। गांवों में बीसी सखी और विद्युत सखी जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित दर की दुकानों में ई-पॉस मशीन लगने से पारदर्शिता बढ़ी है और राशन वितरण व्यवस्था सुधरी है। सरकार इन दुकानों को मॉडल शॉप में विकसित कर रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और सुविधा दोनों बढ़ें। उन्होंने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ाने की भी बात कही।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली समता और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा सामाजिक मर्यादाओं का पालन करें।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत उत्तर प्रदेश के बलिया से हुई थी और आज यह योजना करोड़ों परिवारों के जीवन में परिवर्तन ला चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं और सरकार का लक्ष्य दो करोड़ महिलाओं को इससे जोड़ना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार अमीर और गरीब के बीच की खाई को कम करने का कार्य कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले धुएं में खाना बनाने को मजबूर महिलाओं की पीड़ा को प्रधानमंत्री मोदी ने समझा और उज्ज्वला योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि आज बिना भेदभाव के पात्र लोगों को आवास, शौचालय, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।