उत्तर प्रदेश के कई जिले कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। राजधानी लखनऊ समेत यूपी के कई अन्य शहरों में ठंड बढ़ गई है। जीरो विजिबिलिटी का असर सूबे में देखा जा सकता है। गुरुवार रात से घना कोहरा शुक्रवार सुबह तक राजधानी लखनऊ में छाया रहा।
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के कई जिले कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। राजधानी लखनऊ समेत यूपी के कई अन्य शहरों में ठंड बढ़ गई है। जीरो विजिबिलिटी का असर सूबे में देखा जा सकता है। गुरुवार रात से घना कोहरा शुक्रवार सुबह तक राजधानी लखनऊ में छाया रहा। आलम यह रहा कि 20 कदम की दूरी के बाद दिखाई देना भी मुश्किल रहा। लखनऊ के पड़ोसी जिले कानपुर में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। शून्य विजिबिलिटी में वाहनों का आगमन तो जारी रहा लेकिन इससे लोगों को परेशानी भी काफी हुई। स्थानीय मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि सूबे में कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। दिन चढ़ते ही मौसम साफ होने की उम्मीद है। पहाड़ों की ओर से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाएं ठंड बढ़ाएंगी। पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहेगी। इससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी।
राजधानी में बुधवार रात से कोहरे ने कहर बरपाना शुरू किया। गुरुवार सुबह देर तक कोहरा बना रहा। इसके बाद दिन में हवा चलना शुरू हुई। उत्तरी-पश्चिमी हवा से कोहरा छट गया। मगर, पहाड़ से आने वाली ठंड हवा ने पारा को लुढ़का दिया। शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.6 डिग्री कम था।
यूपी में फतेहगढ़ रहा सबसे ठंडा स्थान
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि फतेहगढ़ सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का तापमान 6.7 सेल्सियस रिकार्ड किया गया। विभाग के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्का और कुछ जगह घना कुहरा छाये रहने का अनुमान है।
कोहरे से नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम खुश्क रहेगा। प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्का और कुछ जगह घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।