लखनऊ

बंगाल में चला CM योगी आदित्यनाथ का जादू! इन 22 में से 19 सीटों पर BJP ने दर्ज की जीत

CM Yogi Adityanath Impact In West Bengal: पश्चिम बंगाल चुनाव में उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ का प्रभाव देखने को मिला। 22 में से 19 सीटों पर BJP ने जीत दर्ज की है।

2 min read
May 05, 2026
पश्चिम बंगाल चुनाव में उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ का प्रभाव। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

CM Yogi Adityanath Impact In West Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के प्रचार का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। भाजपा ने जिन 22 सीटों पर योगी आदित्यनाथ को स्टार प्रचारक के रूप में उतारा था, उनमें से 19 सीटों पर जीत हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। इन सीटों में कई ऐसी भी हैं, जहां भाजपा ने पहली बार जीत का परचम लहराया है।

ये भी पढ़ें

एक साथ नजर आए बृजभूषण शरण सिंह और धनंजय सिंह; सपा, कांग्रेस की बढ़ाएंगे टेंशन! पूर्वांचल के नए सियासी तूफान की सुगबुगाहट?

रणनीतिक तरीके से किया गया प्रचार

भाजपा नेतृत्व ने योगी आदित्यनाथ को उन क्षेत्रों में प्रचार के लिए भेजा, जहां हिंदू मतदाता जातीय आधार पर बंटे हुए थे और तृणमूल कांग्रेस का प्रभाव मजबूत माना जाता था। योगी ने अपनी चुनावी सभाओं और रोड शो के दौरान हिंदुत्व के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मतदाताओं को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि अगर भाजपा की सरकार बनती है, तो उत्तर प्रदेश की तर्ज पर कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।

हिंदुत्व के मुद्दे का दिखा असर

चुनाव परिणामों से संकेत मिलता है कि योगी आदित्यनाथ का संदेश मतदाताओं तक प्रभावी तरीके से पहुंचा। कई इलाकों में हिंदू मतदाताओं का ध्रुवीकरण देखने को मिला, जिससे भाजपा को फायदा हुआ। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस के प्रभाव से बाहर निकलने की प्रवृत्ति भी नजर आई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि योगी के आक्रामक प्रचार के साथ-साथ भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति और बूथ स्तर पर किए गए सूक्ष्म प्रबंधन ने भी इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।

तीन सीटों पर मिली हार

हालांकि, भाजपा को सभी सीटों पर सफलता नहीं मिली। बोलपुर, उदयनारायणपुर और धनखली जैसी सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कुल मिलाकर परिणाम भाजपा के लिए उत्साहजनक माने जा रहे हैं, क्योंकि 22 में से 19 सीटों पर जीत एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।

इन सीटों पर भाजपा की जीत

पश्चिम बंगाल की जिन 19 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की, उनमें सोनामुखी, नंदाकुमार, कांथी दक्षिण, बाराबनी, तारापीठ, मथाभंगा, धुपगुड़ी, बांकुड़ा, पिंगला, जॉयपुर, गारबेटा, जोरासांको, चकदा, नवद्वीप, कटवा, बागड़ा, कल्याणी, दमदम और राजरहाट गोपालपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में भाजपा की जीत ने पार्टी के संगठन और चुनावी रणनीति को मजबूती दी है।

भाजपा के लिए क्या मायने रखते हैं ये नतीजे

इन चुनावी नतीजों को भाजपा के लिए एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। खासतौर पर उन सीटों पर जीत, जहां पार्टी पहले कमजोर मानी जाती थी, भविष्य की राजनीति के लिए नई संभावनाएं खोलती है। योगी आदित्यनाथ की भूमिका को लेकर पार्टी के भीतर भी संतोष का माहौल है।

ये भी पढ़ें

UP Politics: 3 नेताओं का निष्कासन बिगाड़ सकता है मायावती का चुनावी समीकरण! टिकट वितरण पर सीधा असर
Also Read
View All