5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी में आंधी-बारिश से 23 मौतें, सीएम योगी ने दिए नुकसान के सर्वे के निर्देश, बोले- ‘किसानों को मिलेगा पूरा मुआवजा’

UP Weather: उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम , आंधी- तूफान और भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। हादसों में 23 लोगों की मौत हो गई है। यहां जानें किन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Pratiksha Gupta

May 05, 2026

UP weather, Sambhal rain, Purvanchal winds

Up Weather Today | फोटो सोर्स- patrika.com

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम के अचानक बदलने से भारी तबाही मच गई है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और अचानक बिजली गिरने के कारण अलग- अलग हादसों में 23 लोगों की जान चली गई। इसी के साथ कई इलाकों में फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने आज के लिए भी राज्य के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है, जिसे देखते हुए प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।

हादसों में गई 23 लोगों की जान

खराब मौसम के कारण हुए हादसों में 23 लोगों की मौत हो गई। अवध के जिलों में ही आंधी और बारिश के दौरान 7 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा गोंडा में पेड़ गिरने और कार पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि बलरामपुर में पेड़ गिरने से एक ई-रिक्शा चलाने वाले की जान चली गई। वहीं बहराइच और अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से 2 युवकों की मौत हो गई।
इसके साथ ही पीलीभीत में ईंट-भट्ठे की 100 फीट ऊंची चिमनी गिर गई और कासगंज, औरैया, गोरखपुर व संभल में भी अलग-अलग हादसों में कई लोग मारे गए।

21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 42 जिलों में चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे के अंदर प्रदेश के 42 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम का ऐसा ही बना रहेगा।
यहां है गरज-चमक और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट- बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर।
इसके साथ ही इन जिलों के अलावा देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर और श्रावस्ती में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

संभल में सबसे ज्यादा बारिश, तापमान में भारी गिरावट

बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन इसके साथ ही जन-जीवन भी ऊथल- पुथल हो गया है। संभल में सर्वाधिक 130 मिमी और कासगंज में 97 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, बलरामपुर, अलीगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में 80 से 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बाराबंकी में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 12.1 डिग्री कम है।
साथ ही, बड़े मंगल के भंडारों और शादियों के आयोजनों में भी इस अचानक हुई बारिश से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

फसलों के नुकसान पर योगी बोले- अफसर फील्ड में उतरें

लगातार जारी बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिसमें भी खासकर सब्जिया जैसे खीरा, ककड़ी, खरबूज और तरबूज इनको सबसे ज्यादा नुकसान होने की संभावना है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तुरंत फील्ड में जाकर नुकसान का सर्वे करें और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपें, ताकि किसानों को उचित मुआवजा दिया जा सके। सीएम ने साफ कर दिया है कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

6 मई: पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश हो सकती है।
7 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा, लेकिन पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान के साथ बौछारें और ओले गिरने की संभावना है।
8 मई: पूरे प्रदेश में बादलों के गरजने के साथ- साथ बौछारें पड़ेंगी, लेकिन लू से राहत मिलेगी।
9 मई: प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा, कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
10 मई: प्रदेश में एक बार फिर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।