लखनऊ

अखिलेश के सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर इमरान मसूद का पलटवार, बोले- कांग्रेस ऐसी पार्टी नहीं जिसे डराया जा सके

Imran Masood statement: अखिलेश यादव के जीतने वाली सीटों के फॉर्मूले वाले बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए लड़ेगी और गठबंधन का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।
2 min read
• •
Updated: 26 Sep 2026, 4:24 PM IST
Imran Masood Statement, SP Congress Alliance,
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (फोटो - एएनआई)

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सीट बंटवारे को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद लगातार बरस रहे हैं। अब इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस को अपने काम पर पूरा भरोसा है और पार्टी अपनी जिम्मेदारियों को जानती है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस चुनाव लड़ेगी और राहुल गांधी के नेतृत्व में अंत तक लड़ती रहेगी।

अखिलेश ने क्या कहा था

अखिलेश यादव ने रायबरेली में 'PDA रथ अभियान' के दौरान सपा कांग्रेस गठबंधन को लेकर कहा था कि गठबंधन भी होगा और गठबंधन के साथ चुनौती भी होगी। उन्होंने कहा था कि उनके लिए बात केवल सीट की नहीं, बल्कि जीतने वाली सीट की होगी। कौन सी सीट किस दल के पास जाएगी, इसका आधार जीतने की क्षमता होगी। अखिलेश के इस बयान को कांग्रेस नेताओं की ओर से सीटों को लेकर की जा रही मांग के संदर्भ में देखा जा रहा है।

'कांग्रेस ऐसी पार्टी नहीं है जिसे डराया जा सके'

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "हमें अपने काम पर पूरा भरोसा है और हम अपनी जिम्मेदारियों को जानते हैं। कांग्रेस लड़ेगी। राहुल गांधी ने पूरे देश में एक माहौल बना दिया है। कांग्रेस ऐसी पार्टी नहीं है जिसे दबाया या डराया जा सके। हमारे पक्ष में कई नेता हैं, और उनके पक्ष में भी कई नेता हैं। उन्हें अपनी जीत का ढोल पीटने दीजिए। समय ही बताएगा कि क्या होता है… हम राहुल जी के नेतृत्व में अंत तक लड़ते रहेंगे।"

अपनी पार्टी के प्रति वफादार हैं, चापलूसी नहीं करेंगे

कांग्रेस नेताओं की ओर से संयम बरतने की सलाह पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने दो टूक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि, "मुझे समझ नहीं आ रहा है कि ऐसी बातें आखिर कौन कह रहा है? हमारे पार्टी प्रभारी जो कुछ कह रहे हैं, मैं जो कह रहा हूं और हमारे प्रदेश अध्यक्ष जो बातें रख रहे हैं, वह बिल्कुल सही हैं। हम सब लोग सिर्फ और सिर्फ अपनी पार्टी के हित के लिए बोल रहे हैं। हम अपनी पार्टी के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। हम केवल अपनी पार्टी के प्रति वफादार रहेंगे, किसी अन्य दल या नेता के प्रति अपनी वफादारी नहीं दिखाएंगे। हमारा सबसे पहला और मुख्य उद्देश्य अपनी पार्टी को मजबूत बनाना है। हमारा काम किसी और की चापलूसी करना या किसी के इशारे पर चलना बिल्कुल नहीं है।

गठबंधन का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा

इमरान मसूद ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन का अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन का फैसला पार्टी को लेना है, लेकिन पार्टी को बर्बाद करके कोई फैसला नहीं लिया जाएगा। कांग्रेस ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और वह भी पार्टी के लिए लगातार काम करते रहेंगे। हम पार्टी को बर्बाद नहीं होने देंगे।

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस ने 2024 लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था। दोनों दलों के बीच 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर अभी बातचीत और बयानबाजी जारी है। अंतिम सीट समझौते पर फैसला अभी नहीं हुआ है। फिलहाल सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Updated on:
26 Sep 2026, 4:24 PM IST
Published on:
Also Read
View All