
Imran Masood on Dhirendra Shastri: कथावाचक धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। साधु और संतों के बाद अब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की प्रतिक्रिया सामने आई है। कड़ा ऐतराज जताते हुए इमरान मसूद ने धीरेन्द्र शास्त्री को खूब खरी खाटी सुनाई है। कथावाचक को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि तुम्हारी औकात भगवान कृष्ण के पैर की धूल के बराबर नहीं है। तुम भगवान के बारे में ऐसे कैसे बोल सकते हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी की निंदा करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि हमारे सनातनी बड़े ही सीधे हैं। उनका बड़ा ह्रदय है और वे अपने भगवान का मजाक बर्दाश्त कर लेते हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि किसी को भी इस प्रकार की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
भगवान राम को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि उन्हें मर्यादा पुरषोत्तम राम कहा जाता है। भगवान राम ने शबरी के झूठे बेर खाकर जात-पात, ऊंच-नीच का भेद मिटाया था। भगवान के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी कोई कैसे कर सकता है। इमरान मसूद ने भगवान राम को इमाम-ए-हिंद बताया।
मौलाना जरजिस के बयान पर आपत्ति जताते हुए इमरान मसूद ने कहा कि जो आदमी इस प्रकार का बयान दे रहा है, वो इस्लाम का जानकार नहीं हो सकता। मौलाना के बयान की आलोचना करते हुए उन्होंने ऐसे लोगों को दिहाड़ी वाला बताया है।
योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को डांट फटकार लगाई थी। रामदेव ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि वे उनके सामने बालक की तरह हैं। वे उनके छोटे भाई व शिष्य जैसे भी हैं। उन्होंने कहा कि जो बातें उन्हें अनुचित लगीं और जिनसे उन्हें दुख पहुंचा, उन्हें लेकर उन्होंने अपने अधिकार से धीरेंद्र शास्त्री को डांटा था। रामदेव ने कहा कि हमारे देवी-देवताओं को लेकर जो टिप्पणियां की जा रही थीं, उससे वे बेहद आहत थे। देवताओं के बीच तुलना करना सनातन परंपरा नहीं है और देवताओं के बीच कोई भेद नहीं है।