लखनऊ

‘संसद भवन का नाम भी PM मोदी के नाम पर रख दें’, जेवर एयरपोर्ट के नामकरण पर इमरान प्रतापगढ़ी का पलटवार

Jewar Airport controversy: जेवर एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के फैसले पर इमरान प्रतापगढ़ी ने तंज कसा। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उस लौ की तरह है जो दीपक बुझने से ठीक पहले भड़कती है।
2 min read
• •
Oct 09, 2026
Imran Pratapgarhi, UP Election 2027, UP Politics, Jewar Airport Renaming
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी (PC: ANI)

Imran Pratapgarhi Statement:उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के फैसले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने इस फैसले पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को देश के सभी हवाई अड्डों का नाम अपने नाम पर रख देना चाहिए। उन्हें संसद भवन का नाम भी प्रधानमंत्री के नाम पर रख लेना चाहिए। साथ ही प्रतापगढ़ी ने विपक्ष के राष्ट्रपति भवन मार्च को लेकर भी बयान दिया है।

‘संसद भवन का नाम भी अपने नाम पर रख दें’

इमरान प्रतापगढ़ी ने एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखे जाने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "इस खबर पर मुझे क्या करना चाहिए? क्या मुझे हंसना चाहिए, रोना चाहिए या ठहाके लगाने चाहिए? प्रधानमंत्री को देश के सभी हवाई अड्डों का नाम अपने नाम पर रख देना चाहिए। संसद भवन का नाम भी अपने नाम पर रख देना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि यह उस लौ की तरह है, जो दीपक बुझने से ठीक पहले भड़कती है। बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने 9 अक्टूबर को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा जेवर' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

वोट चोरी के आरोप पर राष्ट्रपति से मिलने की मांग

इमरान प्रतापगढ़ी ने विपक्ष के राष्ट्रपति भवन मार्च को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि, "राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष पिछले कई महीनों से वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। यह मुद्दा अब देशभर में फैल चुका है। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ दुर्व्यवहार किया गया है।" ऐसे में, इस लोकतांत्रिक सत्याग्रह की प्रक्रिया में, हमने राष्ट्रपति से मिलने का समय भी मांगा है।

‘देश को मतदान चोरों से मुक्त करें’

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि विपक्ष ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। उन्होंने बताया कि इंडिया ब्लॉक के विपक्षी सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बार फिर एकजुट होकर राष्ट्रपति के सामने अपनी मांग रखेंगे। उन्होंने कहा हम राष्ट्रपति से अपील करेंगे कि देश के प्रथम नागरिक होने के नाते वे देश को मतदान चोरों से मुक्त कराने के लिए हस्तक्षेप करें। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि वोट देने का अधिकार छीनना बेहद गंभीर मामला है और विपक्ष इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगा।