लखनऊ

Indian Railway चलाएगा स्वच्छता ही सेवा अभियान

भारतीय रेलवे ने दिनांक 15.09.2017 से 02.10.2017 के मध्य अखिल भारतीय स्तर पर 'स्वच्छता ही सेवा' की थीम पर स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
2 min read
• •
Updated: 15 Sep 2017, 8:54 PM IST
Lucknow Railway News

लखनऊ. भारतीय रेलवे ने दिनांक 15.09.2017 से 02.10.2017 के मध्य अखिल भारतीय स्तर पर 'स्वच्छता ही सेवा' की थीम पर स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबध में उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के चारबाग़ रेलवे स्टेशन पर डीआरएम सतीश कुमार ने अभियान की शुरुआत की। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इस अभियान के तहत दिनांक 17 सितम्बर 2017 को 'सेवा दिवस' के रूप में मनाया जायेगा।

सेवा दिवस और समग्र दिवस का होगा आयोजन

डीआरएम ने बताया कि 'सेवा दिवस' के तहत श्रमदान द्वारा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जायेगा। इसके अलावा 24 सितम्बर 2017 को 'समग्र दिवस' के रूप में मनाया जायेगा, जिसमे शौचालय निर्माण एवं स्थानीय निकायों, अनुदान प्राप्त संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन की सहभागिता से श्रमदान किया जायेगा।

गाँधी जयंती पर स्वच्छ भारत दिवस का आयोजन

डी आर एम ने आगे बताया कि 25 सितम्बर 2017 को 'सर्वत्र दिवस' के रूप में मनाया जायेगा। 'सर्वत्र दिवस' के तहत वृहद स्तर पर रेलवे स्टेशनों, रेलवे अस्पतालों एवं अन्य रेलवे परिक्षेत्र जैसे रेलवे कॉलोनियाँ, पार्क व अन्य स्थानों की साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया जायेगा। इसके बाद 01 अक्टूबर 2017 को 'विशिष्ट स्थल स्वच्छता दिवस' के रूप में मनाया जायेगा, जिसके अंतर्गत पर्यटक स्थलों एवं सावर्जनिक स्थलों में सफाई अभियान चलाया जायेगा। 'विशिष्ट स्थल स्वच्छता दिवस' 02 अक्टूबर 2017 को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की जयंती के दिन को 'स्वच्छ भारत दिवस' के रूप में मनाया जायेगा। अभियान की शुरुआत के मौके पर विभिन्न शाखाओं के उच्च अधिकारीगण, स्टेशन प्रबन्धक, वरिष्ठ पर्यवेक्षक तथा भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Published on: