
Janeshwar Mishra Park Hit and Run:लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बुधवार सुबह एक युवती को कार से टक्कर मारकर भागने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपी की कार भी बरामद कर ली है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे युवती स्कूटी से जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंची थी। वहां उसकी शाहनवाज से मुलाकात हुई। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान होने की बात सामने आई है। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवती ने कार को रोकने की कोशिश की। वह कार के सामने खड़ी हो गई और कुछ देर बाद बोनट से भी सट गई। वीडियो में कार को धीरे-धीरे आगे बढ़ते देखा जा सकता है। इसके बाद कार की रफ्तार बढ़ने पर युवती उछलकर सड़क पर गिर जाती है। घटना के बाद चालक कार लेकर वहां से निकल जाता है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद शाहनवाज को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसकी कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के सामने युवती ने शाहनवाज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि दोनों के बीच पहले से संबंध थे और शाहनवाज ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को यश ठाकुर बताया था। युवती के मुताबिक, बाद में उसे उसकी वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी हुई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उसने आरोप लगाया कि शाहनवाज ने उसे कार से कुचलने की कोशिश की।पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। फिलहाल इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
गिरफ्तारी के बाद शाहनवाज ने खुद को निर्दोष बताते हुए युवती पर ही परेशान करने का आरोप लगाया। उसका दावा है कि युवती पिछले करीब छह-सात महीने से उसका पीछा कर रही थी और उसे परेशान कर रही थी। उसने दोनों के बीच पैसों के लेनदेन की बात भी कही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी और युवती के बीच विवाद की वजह, दोनों के संबंध और वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
लखनऊ पुलिस की डीसीपी डॉ. दीक्षा शर्मा के अनुसार, बुधवार सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवती को कार से टक्कर मारने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में पता चला कि युवक और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। डीसीपी के मुताबिक, दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद युवक ने युवती को कार से टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।