लखनऊ

‘PM मोदी के माता-पिता का अपमान करने वालों को शर्म आनी चाहिए’, खरगे के बयान पर भड़के केशव प्रसाद मौर्य; कांग्रेस को लेकर कही ये बात

Keshav Prasad Maurya Statement: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा PM मोदी के पिता पर की गई टिप्पणी पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा हमला बोला है। भाजपा ने खरगे के बयान की निंदा करते हुए माफी की मांग उठाई। जानिए क्या है पूरा मामला...
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 1:53 PM IST
Keshav Prasad Maurya, UP Assembly Election 2027, BJP UP, Akhilesh Yadav, PDA, Rahul Gandhi, Fatehpur News
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य(PC: Facebook/ Keshav Prasad Maurya)

Keshav Prasad Maurya slams Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर देश-भर में सियासत तेज है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस बयान पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता बार-बार भारत के प्रधानमंत्री का अपमान करते रहे हैं। अब उन्होंने प्रधानमंत्री के दिवंगत माता-पिता को भी निशाना बनाया है। जानिए आखिर खरगे के किस बयान पर मचा हुआ है बवाल।

'दिवंगत माता-पिता पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं'

केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि, "देश ने शायद प्रधानमंत्री के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियों को बर्दाश्त कर लिया हो लेकिन, उनके दिवंगत पिता और दिवंगत माता के बारे में टिप्पणी करना पूरी तरह से गलत है।" उन्होंने कांग्रेस नेताओं के इस बयान को लेकर गहरी नाराजगी जताई और इसकी निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में इस तरह की अमर्यादित भाषा बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जा सकती है। ऐसे नेताओं की कड़ी निंदा होनी चाहिए और उन्हें अपने किए पर शर्म आनी चाहिए।

पटना में खरगे ने आखिर क्या कहा था?

आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार 25 अक्टूबर को बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर यह विवादित टिप्पणी की थी। यह कार्यक्रम बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में खरगे भाषण दे रहे थे तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे। जिसपर जवाब देते हुए खरगे ने मंच से कहा कि, "मोदी का बाप भी जाएगा।" इसी बयान के बाद से भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस ने दी सफाई कहा इशारा RSS की तरफ था

इस बयान पर विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस पार्टी ने खरगे का बचाव किया है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने दावा किया कि खरगे का इशारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर था। कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम में किसी व्यक्ति ने पहले खरगे के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी जिसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बात कही। हालांकि, भाजपा इसे प्रधानमंत्री के परिवार का सीधा अपमान बता रही है और कांग्रेस से राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने और माफी मांगने की मांग कर रही है।

Updated on:
26 Oct 2026, 1:53 PM IST
Published on: