-कांग्रेस सभी विधानसभा सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दल अपनी अपनी रणनीतियां तैयार कर रहे हैं। छोटे दल हो या बड़े सभी किसी न किसी पार्टी से गठबंधन की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए एकला चलो की रणनीति पर काम कर रही है। आने वाले चुनाव में कांग्रेस किसी दल के संग गठबंधन नहीं करेगी। और यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारेगी। बताया जा रहा है कि 28 दिसंबर को कांग्रेस, पार्टी स्थापना दिवस पर यूपी मिशन-2022 के अभियान का शुभारम्भ करेगी। इन तैयारियों का जायजा लेने और गांव-गांव में कांग्रेस को मजबूत करने की योजना के संग कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी नए साल में यूपी का दौरा करेंगी।
अपने दम पर चुनाव लड़ेगी पार्टी :- यूपी कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ चेयरमैन शाहनवाज आलम ने यह खुलासा किया कि, विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस किसी भी बड़े या छोटे दल से गठबंधन नहीं करेगी। सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। यूपी में अब कांग्रेस पार्टी का न्याय पंचायत, बूथ स्तर तक संगठन तैयार हो गया है। पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और खुद को मजबूत करेगी।
स्थापना दिवस होगी घोषणा:- 28 दिसंबर को कांग्रेस का स्थापना दिवस होता है। शाहनवाज आलम ने बताया कि, स्थापना दिवस पर कांग्रेस मिशन 2022 की शुरुआत करेेेेेेेेेगी। इस दिन कांग्रेस कार्यकर्ता यूपी के सभी गांव में पार्टी का झंडा फहराएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता 823 ब्लॉक के सभी गांवों में जाकर पार्टी की नीतियों के बारे में कराएंगे। भाजपा सरकार की खामियों जनता के सामने उजागर करेंगे।
जनवरी माह में प्रियंका गांधी का दौरा :- नए साल के पहले महीने के दूसरे हफ्ते में कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी का यूपी दौरा हो सकता है। यूपी कांग्रेस के सांगठनिक सचिव अनिल यादव ने बताया कि प्रियंका गांधी के यूपी दौरे की तारीख अभी तय नहीं है, पर संभावना है कि जनवरी के दूसरे सप्ताह की कोई डेट मिल जाए। प्रियंका गांधी, दिल्ली से पश्चिम यूपी पर नजर रखेगी और पूर्वांचल और सेंट्रल यूपी में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए लखनऊ से योजनाएं बनाएंगी।
सांगठनिक ढांचा कर रहे मजबूत :- प्रियंका गांधी विधानसभा चुनाव में जाने से पहले अपने कील कांटे दुरस्त करना चाहती हैंं। इसलिए यूपी के 75 जिले, 823 ब्लाक कमेटी, 8300 न्याय पंचायत में से 2300 न्याय पंचायत में कांग्रेस ने अपना संगठन बना लिया है। प्रियंका गांधी और अजय कुमार लल्लू की जोड़ी कांग्रेस के सांगठनिक ढांचा को एक बार फिर मजबूती की तरफ ले जा रही है।