
Gosaiganj Tractor Trolley Road Crash: सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगागंज के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्टील क्रैश बैरियर से टकराते हुए पलट गई। सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस के साथ फायर सर्विस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रॉली और ट्रैक्टर को हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया।टीम ने सबसे पहले NHAI की क्रेन से पलटी हुई ट्रॉली और ट्रैक्टर को हटाया तो उसके नीचे चार लोग दबे मिले। राहत टीम ने सभी को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी गोसाईंगंज भेजा। वहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों लोग बाराबंकी के रहने वाले थे। इनमें एक ट्रैक्टर चलाता था, जबकि बाकी तीन लोग ईंट चढ़ाने और उतारने का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बाराबंकी के रहने वाले थे। इनमें एक व्यक्ति ट्रैक्टर चलाता था, जबकि बाकी लोग ईंटों को चढ़ाने और उतारने का काम करते थे। हादसे में शामिल ट्रैक्टर बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के अचकाकामऊ स्थित देशराज के आरबीएफ ईंट भट्ठे पर चलता था।
पुलिस ने मृतकों की पहचान 25 वर्षीय संदीप रावत, 35 वर्षीय पीतांबर रावत, 25 वर्षीय पवन रावत और बलराम रावत के रूप में हुई है। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी लखनऊ के KGMU स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।