
लखनऊ. सूबे की लगभग सभी पार्टियां यूपी में पंचायत चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में जुटी हुई हैं। प्रदेश की छोटी पार्टियां भी अपने अस्तित्व की लड़ाई और जनता के बीच अपनी पहचान बनाने के लिए बड़ी गंभीरता से रणनीति तैयार की जा रही है। इसी के तहत भीम आर्मी (Bhima Army) चीफ चंद्रशेखर आजाद (Chandrasekhar Azad) ने अपनी पार्टी आजाद समाज पार्टी के संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। सुनील कुमार चितौड़ (Sunil Kumar Chittod) को आजाद समाज पार्टी (Azad Samaj Party) का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने बुधवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यूपी में आजाद समाज पार्टी की प्रदेश कमेटी की घोषणा की। भीम आर्मी चीफ प्रमुख चंद्रशेखर ने आजाद समाज पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चितौड़, मोहम्मद गाजी को प्रदेश महासचिव की बागडोर सौंपी। साथ ही कहाकि, यूपी बड़ी राजनीतिक जमीन है, हम इसे तैयार कर रहे हैं।
यूपी ग्राम पंचायत चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसी संभावना बलवती हो रहीं हैं कि भीम आर्मी चीफ की पार्टी आजाद समाज पार्टी भी चुनाव लड़ सकती है। चंद्रशेखर आजाद और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच पिछले दिनों में तीन मुलाकातें हो चुकी हैं। सपा सुप्रीमो अखिलेश, पश्चिम यूपी में चंद्रशेखर के जरिए नया राजनीतिक गठजोड़ बनाने की जुगत में हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात कर चुकी हैं। यह मुलाकतें यूपी की राजनीति में एक हंगामा कर सकतीं हैं।