UP Board Result: बाल गाइड इंटर कॉलेज गोसाईगंज लखनऊ के छात्रों ने यूपी बोर्ड 2026 में शानदार प्रदर्शन किया, इंटर में मानस कुमार और हाईस्कूल में उज्ज्वल ने बेहतरीन अंक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया।
UP Board Exam Result: माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परिणामों में हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% छात्र सफल घोषित किए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर संयुक्त रूप से बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) की कशिश वर्मा (97.83) और द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी) की अंशिका वर्मा (97.83%) रहीं। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) की शिखा वर्मा (97.60%) रहीं। योगी सरकार की मंशा के अनुरूप बोर्ड परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सभी सफल छात्र छात्राओं को बधाई दी है और उनके बेहतर भविष्य की कामना की है।
परीक्षा परिणाम 23 अप्रैल 2026 को सायं 4 बजे शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं बोर्ड के सभापति डॉ. महेंद्र देव तथा परिषद के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी किया गया। इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच प्रदेश के 8,033 परीक्षा केंद्रों पर 15 कार्यदिवसों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल 2026 के बीच कुल 254 मूल्यांकन केंद्रों पर कराया गया।
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 26,01,381 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें 13,43,524 बालक और 12,57,857 बालिकाएं शामिल रहीं। इनमें से कुल 23,52,181 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित किए गए, जिससे कुल पास प्रतिशत 90.42 रहा। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.30 जबकि बालिकाओं का 93.76 प्रतिशत रहा, जो कि लड़कों से 6.46 प्रतिशत अधिक है। संस्थागत परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 90.51 रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 66.67 प्रतिशत दर्ज किया गया। हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 96,803 परीक्षकों द्वारा किया गया।
दूसरी तरफ, इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 24,86,072 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 13,09,397 बालक और 11,76,675 बालिकाएं थीं। इनमें से 19,98,317 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए, जिससे कुल पास प्रतिशत 80.38 रहा। बालकों का पास प्रतिशत 75.04 और बालिकाओं का 86.32 प्रतिशत रहा, यानी बालिकाएं 11.28 प्रतिशत आगे रहीं। संस्थागत परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 80.47 और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 77.54 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 55,973 परीक्षकों द्वारा किया गया।
इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच दो चरणों में 18,007 परीक्षकों की निगरानी में सम्पन्न कराई गईं। आंशिक विषयों की परीक्षा में हाईस्कूल के 3,286 और इंटरमीडिएट के 58,134 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। कुल मिलाकर इस वर्ष भी यूपी बोर्ड परीक्षा में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की है, वहीं परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में गोसाईगंज स्थित बाल गाइड इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों ही वर्गों में छात्रों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।
इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में मानस कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 500 में से 445 अंक हासिल किए, जो कुल 89 प्रतिशत है। मानस के पिता ओम प्रकाश और माता उमा देवी ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने भी मानस की सफलता को सराहा और इसे अनुशासन व कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
वहीं हाईस्कूल (कक्षा 10) में उज्ज्वल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 566 अंक प्राप्त किए, जो 94.33 प्रतिशत है। उज्ज्वल के पिता देशराज सिंह और माता सपना वर्मा ने इस सफलता पर गर्व जताया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय का मान बढ़ाया है।