
1050 Chauraha Lucknow Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित 1050 चौराहे के पास एक बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों से घिर गई और मौके पर धुआं उठने लगा। इससे आसपास के लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पानी डालकर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से चौराहे पर कोई बड़ा हादसा होने से टल गया और जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इस दुर्घटना में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। प्राथमिक दृष्टि से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, फिलहाल पुलिस और संबंधित टीम मामले की जांच कर रही है।
वहीं, ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए बस अग्निकांड को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक और सांप्रदायिक दावे करने के मामले में पुलिस ने एक महिला के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, पोस्ट में बस आग की घटना को लेकर BJP और RSS से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने इन दावों को भ्रामक बताया है।
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाने में मीडिया सेल में तैनात उपनिरीक्षक सुमित कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि महिला ने बस में आग लगने की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए घटना को एक समुदाय से जोड़ने वाले दावे किए। पुलिस का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से लोगों में भ्रम और तनाव पैदा हो सकता है।
FIR दर्ज होने के बाद महिला ने कथित तौर पर एक्स से पोस्ट हटा दी और इसे गलती से अपलोड होने की बात कहते हुए माफी मांगी। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस कर रही है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर 23 सितंबर की रात दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही स्लीपर बस में आग लग गई थी। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हुई थी। पुलिस ने मामले में दो ड्राइवर और एक कंडक्टर को गिरफ्तार किया था।
24 सितंबर को तीनों आरोपियों को सूरजपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की ओर से ड्राइवरों पर बस में धूम्रपान करने के आरोप लगाए गए थे, हालांकि दोनों ड्राइवरों ने कोर्ट ले जाते समय इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि वे धूम्रपान नहीं करते। पुलिस मामले में बस में आग लगने के कारण और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।