लखनऊ

Samvidhan Raksha March: हाथों में पोस्टर, जुबां पर वोट का अधिकार! लखनऊ में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च ने खींचा ध्यान

Samvidhan Raksha March Haseeb Khan: संविधान दिवस पर लखनऊ में कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकालकर वोट के अधिकार का मुद्दा उठाया। हसीब खान समर्थकों की नारेबाजी और अनोखे बैनर चर्चा में रहे।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 2:03 PM IST
संविधान दिवस पर कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी आंदोलन, हसीब खान समर्थकों के अनोखे बैनर रहे चर्चा में (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
संविधान दिवस पर कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी आंदोलन, हसीब खान समर्थकों के अनोखे बैनर रहे चर्चा में (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )

Constitution Day 2026: संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को राजधानी लखनऊ में कांग्रेस पार्टी ने संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा को लेकर संविधान रक्षा मार्च निकाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आह्वान पर आयोजित इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन में प्रदेश के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय पर सुबह से ही नेताओं और समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान संविधान की रक्षा और मतदान के अधिकार को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाई गई।

बड़े नेताओं की मौजूदगी में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता

इस आंदोलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, सांसद इमरान मसूद, सांसद पीएल पुनिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। नेताओं ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की बात कही। पार्टी का कहना है कि नागरिकों के मतदान के अधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है।

हसीब खान समर्थकों ने पोस्टर लेकर की नारेबाजी

मार्च के दौरान कांग्रेस नेता हसीब खान भी अपने समर्थकों के साथ आंदोलन में शामिल हुए। उनके समर्थकों के हाथों में अलग-अलग तरह के पोस्टर और बड़े-बड़े बैनर दिखाई दिए। इन बैनरों पर लिखे संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे। समर्थकों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

हसीब खान ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

इस मौके पर कांग्रेस नेता हसीब खान ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। हसीब खान ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक के वोट की अहमियत है और इसकी रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ इस मुद्दे पर आवाज बुलंद की।

संविधान और वोट के अधिकार पर कांग्रेस का जोर

कांग्रेस नेताओं ने अपने आंदोलन के जरिए संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी बात रखी। पार्टी का कहना है कि संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। राजधानी में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा।