- सुल्तानपुर देहात कोतवाली के कोतवाल के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाए, माकपा की मांग
लखनऊ. CPIM Hiralal Yadav CM Yogi Attack भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी राज्य सचिव हीरालाल यादव ने भाजपा की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहाकि, भाजपा सरकार ने दलित विरोधी वातावरण बना रखा है जहां पुलिस भी इसी मानसिकता से ग्रस्त होकर दलितों पर असंवैधानिक कार्यवाही कर रही है। माकपा ने मांग की कि, सुल्तानपुर देहात कोतवाली के कोतवाल के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जानी चाहिए।
हीरालाल यादव ने कहाकि, सुल्तानपुर जनपद में कोतवाली देहात थानान्तर्गत ‘अबियाखुर्द’ गांव के एक दलित बुजुर्ग की पुलिस द्वारा अवैध रूप से गिरफ्तारी और उसे जेल में बंद करने की कटु निंदा की है। दलित बुजुर्ग को महज इसलिए गिरफ्तार किया गया कि उसने अपनी पोती की शादी कार्ड पर डा. भीमराव अम्बेडकर की 22 प्रतिज्ञाओं को छपवा दिया था। बौद्ध धर्म अपनाते समय डा. भीमराव अम्बेडकर ने इन 22 प्रतिज्ञाओं को अपने अनुयायियों के लिए निर्धारित किया था। ये प्रतिज्ञाएं सार्वजनिक हैं और पुस्तकों में भी दर्ज हैं। कुछ सवर्ण लोगों की शिकायत पर कोतवाली देहात के कोतवाल देवेन्द्र सिंह ने वृद्ध दलित को गिरफ्तार कर चार दिनों तक बंद रखा।
माकपा राज्य सचिव हीरालाल यादव ने कहाकि, माकपा इसकी कटु निंदा करती है। और भाजपा की योगी सरकार से मांग करती है कि, सुल्तानपुर देहात कोतवाली के कोतवाल के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाए।