Lucknow Darshan Bus: उत्तर प्रदेश बजट सत्र समाप्त होते ही राजधानी लखनऊ में पर्यटन गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं। ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा में दोबारा विधानसभा भवन को शामिल कर दिया गया है। अब पर्यटक लोकतंत्र के इस ऐतिहासिक केंद्र सहित शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का करीब से भ्रमण कर सकेंगे।
Lucknow Darshan Bus Tour Resumes Assembly Visit: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की समाप्ति के साथ ही राजधानी लखनऊ घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। अब लोकप्रिय ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा के जरिए पर्यटक एक बार फिर प्रदेश की लोकतांत्रिक पहचान,भव्य उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन का भ्रमण कर सकेंगे। बजट सत्र के दौरान सुरक्षा कारणों से विधानसभा परिसर को पर्यटन सूची से अस्थायी रूप से हटाया गया था, लेकिन अब लोकतंत्र का यह ऐतिहासिक केंद्र आम नागरिकों और पर्यटकों के स्वागत के लिए फिर खुल गया है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन केवल एक प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपरा, स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। विशाल गुंबद, भव्य वास्तुकला और ऐतिहासिक महत्व के कारण यह भवन लखनऊ की पहचान माना जाता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा भवन के दोबारा शामिल होने से ‘लखनऊ दर्शन’ टूर पहले से अधिक आकर्षक और ज्ञानवर्धक बन गया है। अब पर्यटक एक ही यात्रा में इतिहास, संस्कृति और लोकतंत्र-तीनों का अनुभव कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) द्वारा संचालित ‘लखनऊ दर्शन’ बस सेवा पिछले कुछ वर्षों में राजधानी घूमने का सबसे लोकप्रिय माध्यम बन चुकी है। यह सेवा खास तौर पर उन पर्यटकों के लिए तैयार की गई है जो कम समय में लखनऊ के प्रमुख स्थलों का संगठित और सुविधाजनक भ्रमण करना चाहते हैं। इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस से शहर की सैर पर्यावरण अनुकूल होने के साथ-साथ आधुनिक पर्यटन अनुभव भी प्रदान करती है।
यह बस सेवा प्रतिदिन दो पालियों में संचालित होती है। सुबह की पाली और शाम की पाली में बस का संचालन 1090 चौराहे से किया जाता है, जहां से पर्यटक टिकट लेकर यात्रा शुरू करते हैं। यात्रा के दौरान प्रशिक्षित टूर गाइड पर्यटकों को हर स्थल का इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और रोचक तथ्य विस्तार से बताते हैं। इलेक्ट्रिक बस होने के कारण सफर शांत, प्रदूषण मुक्त और आरामदायक रहता है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन ब्रिटिश कालीन वास्तुकला और भारतीय सांस्कृतिक शैली का अद्भुत उदाहरण है। इसकी विशाल संरचना, गोलाकार गुंबद और कलात्मक डिजाइन इसे देश की सबसे सुंदर विधानसभाओं में शामिल करते हैं। पर्यटक यहां लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ भवन की ऐतिहासिक विरासत को करीब से देख सकेंगे। छात्रों, शोधार्थियों और इतिहास प्रेमियों के लिए यह भ्रमण विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है।
‘लखनऊ दर्शन’ टूर का एक प्रमुख आकर्षण लखनऊ का ऐतिहासिक जीपीओ परिसर भी है, जिसे पहले रिंग थियेटर के नाम से जाना जाता था। 9 अगस्त 1925 को हुए ऐतिहासिक काकोरी कांड के बाद अंग्रेज सरकार ने इसे विद्रोह मानते हुए लगभग 40 क्रांतिकारियों को गिरफ्तार किया था। सुरक्षा कारणों से इसी रिंग थियेटर में विशेष अदालत बनाई गई, जहां करीब दस महीने तक मुकदमा चला। इस मुकदमे में महान स्वतंत्रता सेनानी राम प्रसाद बिस्मिल,राजेंद्र नाथ लाहिड़ी,ठाकुर रोशन सिंह,अशफाक उल्ला खान को फांसी की सजा सुनाई गई थी, जबकि कई अन्य क्रांतिकारियों को आजीवन कारावास दिया गया। आज जीपीओ परिसर में मौजूद ऐतिहासिक निशानियां और संग्रहालय पर्यटकों को स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली कहानी से रूबरू कराते हैं।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन विकास को आर्थिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टियों से प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन बढ़ाना नहीं, बल्कि लोगों को प्रदेश की ऐतिहासिक जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ‘लखनऊ दर्शन’ जैसी योजनाएं स्थानीय रोजगार, होटल उद्योग, परिवहन और हस्तशिल्प बाजार को भी बढ़ावा देती हैं।
इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे प्रदूषण कम करने के साथ-साथ शहर में सतत पर्यटन (Sustainable Tourism) को बढ़ावा मिल रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में अन्य शहरों में भी ऐसी सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।
विधानसभा भ्रमण दोबारा शुरू होने की खबर से स्थानीय नागरिकों, छात्रों और पर्यटकों में उत्साह देखा जा रहा है। कई स्कूल और कॉलेज समूह भी शैक्षणिक भ्रमण की योजना बना रहे हैं। पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।