लखनऊ

कहीं करमा की थाप तो कहीं चकरी की धमक, लखनऊ में दिखा पूरे हिंदुस्तान की जनजातीय संस्कृति का रंग

23 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन प्रदेश के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए जनजातीय कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत किया।
5 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 8:01 PM IST
13 राज्यों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से बांधा समां; 26 नवंबर तक चलेगा चार दिवसीय आयोजन (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
13 राज्यों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से बांधा समां; 26 नवंबर तक चलेगा चार दिवसीय आयोजन (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )

International Tribal Festival: राजधानी लखनऊ में जनजातीय संस्कृति, लोककला और पारंपरिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में चार दिवसीय 'अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव' का भव्य शुभारंभ हुआ। लोकनायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित इस उत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य, संगीत और गायन की प्रस्तुतियों से लोगों का दिल जीत लिया। कहीं सोनभद्र के करमा नृत्य की थाप सुनाई दी तो कहीं राजस्थान के चकरी और तेराताली नृत्य ने दर्शकों को अपनी ओर खींचा। अलग-अलग वेशभूषा, लोकधुनों और पारंपरिक अंदाज ने पूरे आयोजन स्थल को जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।

23 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन प्रदेश के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए जनजातीय कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत किया। उत्सव का उद्देश्य जनजातीय समाज की परंपराओं, लोककलाओं, संगीत और पारंपरिक शिल्प को लोगों तक पहुंचाना और कलाकारों को एक साझा मंच देना है।

1090 चौराहे से निकली सांस्कृतिक शोभायात्रा

उत्सव के पहले दिन की शुरुआत सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से हुई। सोमवार दोपहर तीन बजे लखनऊ के 1090 चौराहे से शोभायात्रा निकाली गई, जो गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क पहुंची। शोभायात्रा में शामिल कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक अंदाज में नजर आए। अलग-अलग राज्यों की लोकसंस्कृति की झलक दिखाती इस यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। मंच पर कलाकारों ने एक के बाद एक ऐसी प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देश की अलग-अलग जनजातियों की जीवनशैली और सांस्कृतिक पहचान साफ दिखाई दी।

लखनऊ के यूपी दर्शन पार्क में अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव के शुभारंभ पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करते कलाकार। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh ) 

करमा नृत्य और थारू संस्कृति ने खींचा ध्यान

उत्तर प्रदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियां पहले दिन खास आकर्षण का केंद्र रहीं। सोनभद्र से आए कलाकारों ने मादल वादन के साथ करमा नृत्य पेश किया। पारंपरिक धुन और कदमों के तालमेल ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। वहीं लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से पहुंचे थारू जनजाति के कलाकारों ने अपने पारंपरिक नृत्य के जरिए जनजातीय संस्कृति की खूबसूरत झलक दिखाई। बिजनौर के कुआं खेड़ा से आए बुक्सा जनजाति के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति से लोगों का ध्यान खींचा। चित्रकूट के कलाकारों ने जवारा और राई नृत्य प्रस्तुत कर बुंदेलखंड की लोकपरंपरा से लोगों को परिचित कराया। इन प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों की पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य की शैली ने आयोजन को खास बना दिया।

13 राज्यों की लोककलाओं ने सजाया मंच

इस उत्सव की खास बात यह रही कि इसमें सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों के कलाकारों को अपनी कला दिखाने का मौका मिला। महाराष्ट्र के नासिक से आए कलाकारों ने बोहणा नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि मध्य प्रदेश के धार से पहुंचे कलाकारों ने भगोरिया नृत्य के जरिए अपनी परंपरा को मंच पर उतारा। राजस्थान के तेराताली नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया। पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने संथाली नृत्य के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान दिखाई। हिमाचल प्रदेश के कलाकारों ने सिरमौरी और लम्बाडा नृत्य की प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से आए कलाकारों ने पंडवानी गायन के जरिए लोककथा और संगीत की परंपरा को सामने रखा। अलग-अलग राज्यों की प्रस्तुतियों ने यह दिखाया कि भारत की सांस्कृतिक विरासत कितनी विविध और समृद्ध है। हर प्रस्तुति का अपना अलग अंदाज और अपनी खास पहचान रही।

उत्सव में अपनी पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य पेश करते देशभर से आए जनजातीय कलाकार। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh ) 

बोंडा जनजाति के नृत्य से लेकर लंगा गायन तक दिखी विविधता

कार्यक्रम में ओडिशा की आदिम जनजाति बोंडा के कलाकारों की प्रस्तुति भी खास रही। उनके पारंपरिक नृत्य के जरिए दर्शकों को एक अलग सांस्कृतिक दुनिया से रूबरू होने का मौका मिला। प्रयागराज के कलाकारों ने बीन वादन प्रस्तुत किया, वहीं उत्तराखंड के कलाकारों ने जौनसारी नृत्य के जरिए पहाड़ी लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। राजस्थान के कलाकारों की लंगा गायन और चकरी नृत्य की प्रस्तुति ने भी पहले दिन के कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मंच पर बजते पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकगीतों ने माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक बना दिया। दर्शकों को एक ही जगह पर देश के अलग-अलग हिस्सों के लोकनृत्य और संगीत देखने-सुनने का अवसर मिला।

शिल्प मेले में दिखे देशभर के पारंपरिक हुनर

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्सव स्थल पर शिल्प मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकार अपने हाथों से तैयार किए गए पारंपरिक उत्पाद और जनजातीय हस्तशिल्प प्रदर्शित कर रहे हैं। यहां आने वाले लोगों को अलग-अलग क्षेत्रों की कलाकृतियां देखने और उनके पीछे छिपी कला व मेहनत को समझने का मौका मिल रहा है। शिल्प मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक खुला रहेगा। यहां आने वाले लोग पारंपरिक हस्तशिल्प को करीब से देख सकते हैं और शिल्पकारों से सीधे बातचीत कर उनकी कला के बारे में जानकारी ले सकते हैं। इस तरह यह आयोजन केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पारंपरिक हुनर को पहचान दिलाने का भी प्रयास कर रहा है।

अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव में लगे शिल्प मेले में पारंपरिक हस्तशिल्प और कलाकृतियों का प्रदर्शन। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh ) 

जनजातीय कलाकारों को मिल रहा साझा मंच: जयवीर सिंह

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इस आयोजन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार दिवसीय उत्सव देश के अलग-अलग राज्यों की जनजातीय संस्कृति, लोकसंगीत, नृत्य और पारंपरिक शिल्प को एक साझा मंच दे रहा है। उनके अनुसार, ऐसे आयोजनों से कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला और हुनर दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही आम लोगों को देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने और समझने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक शिल्प को व्यापक पहचान दिलाने में इस तरह के आयोजन अहम भूमिका निभा सकते हैं। इससे नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कलाओं से जुड़ सकेगी।

26 नवंबर तक चलेगा उत्सव, रोजाना मिलेंगे नए रंग

यूपी दर्शन पार्क में आयोजित यह उत्सव 26 नवंबर तक चलेगा। चार दिनों के इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिल्प मेले का भी आकर्षण बना रहेगा। हर दिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक शिल्प मेले में लोग पारंपरिक उत्पादों और हस्तशिल्प को देख सकेंगे। देश के अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियां इस आयोजन को खास बना रही हैं।

लखनऊ में आयोजित यह उत्सव जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और हुनर को सामने लाने का अच्छा अवसर बनकर उभरा है। अलग-अलग राज्यों के कलाकारों को एक मंच पर लाकर इस आयोजन ने सांस्कृतिक एकता और विविधता की खूबसूरत तस्वीर पेश की है। लोकनृत्य की थाप, पारंपरिक गीतों की मिठास और शिल्पकारों के हुनर के बीच लखनऊ के लोगों को देश की सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने का मौका मिल रहा है।