लखनऊ

विपक्षी दलों को मिला भाजपा के खिलाफ सियासी रण का नया मुद्दा

- सपा बनाएगी चुनावों में बदसुलूकी को हथियार- राबड़ी, राहुल, प्रियंका और मायावती सबने उठाया सवाल

2 min read
Jul 10, 2021
विपक्षी दलों को मिला भाजपा के खिलाफ सियासी रण का नया मुद्दा

लखनऊ. Lakhimpur case यूपी ब्लाक प्रमुख नामांकन में लखीमपुर खीरी में एक महिला प्रत्याशी की साड़ी खिंचने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मुद्दे की इंतजार में बैठी यूपी की विपक्षी पार्टियों को आखिरकार सियासी रण का नया मुद्दा मिल गया है। महिलाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार को समाजवादी पार्टी मुद्दा बनाकर आने वाले विधानसभा चुनाव 2022 में भुनाने की रणनीति बना रही है। इससे पहले सपा 15 जुलाई को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन करेगी। लखीमपुर खीरी मामले की आंच बिहार तक पहुंची जहां आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर करारा हमला बोला है। बसपा सुप्रीमो मायावती, कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने महिला अस्मिता के सवाल पर यूपी की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मामला हुआ गरम :- लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक परिसर में सपा प्रत्याशी रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव के साथ बदसलूकी हुई। जिसके बाद यूपी का राजनीतिक महौल गरम हो गया। यूपी ही नहीं बिहार में भी इस मामले को लेकर चर्चा जोरों पर रही। जन अधिकारी पार्टी के नेता पप्पू यादव ने सीएम योगी पर हमला तो बोला ही अखिलेश यादव को विपक्ष की जिम्मेदारी न निभा पाने के लिए ताना कसा। मामला गरमाते देख सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

15 जुलाई को विरोध प्रदर्शन करेगा सपा :- समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने यूपी की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहाकि, सब सरकार के इशारे पर हो रहा है। अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि, 15 जुलाई को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर सपा विरोध में प्रदर्शन करेगी। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पार्टी पदाधिकारियों को प्रदर्शन की पूरी तैयारी करने और सभी कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में पहुंचने के लिए कहा है।

उत्तर प्रदेश में राक्षस राज : राबड़ी देवी

बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहाकि, उत्तर प्रदेश में राक्षस राज है, किस मुंह से वह अपने आपको बाबू और योगी कहता है, यह ढोंग की पराकाष्ठा है। उत्तर प्रदेश पुलिस के वेश में गुंडे कानून की रखवाली कर रहे हैं। राबड़ी देवी ने महाभारत में द्रौपदी चीरहरण की तस्वीर भी पोस्ट की है।

महिला संग बदसलूकी अति-शर्मनाक : मायावती

बसपा प्रमुख मायावती ने अपने ट्वीट कर लिखा, यूपी में वर्तमान भाजपा सरकार में भी कानून का नहीं बल्कि जंगलराज चल रहा है, जिसके तहत यहां पंचायत चुनाव में हुई असंख्य हिंसा व लखीमपुर खीरी की एक महिला के साथ की गई बदसलूकी भी अति-शर्मनाक। क्या यही इनका कानून का राज व लोकतन्त्र है? यह सोचने की बात है।

सरकार वही, व्यवहार वही : प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहाकि, कुछ सालों पहले एक बलात्कार पीड़िता ने भाजपा विधायक के खिलाफ आवाज उठाई थी, उसे व उसके परिवार को मारने की कोशिश की गई थी। आज एक महिला का नामांकन रोकने के लिए भाजपा ने सारी हदें पार कर दीं। सरकार वही। व्यवहार वही।

‘हिंसा’ का नाम ‘मास्टरस्ट्रोक’ : राहुल गांधी

योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहाकि, उत्तर प्रदेश में ‘हिंसा’ का नाम बदलकर ‘मास्टरस्ट्रोक’ रख दिया गया है।

Published on:
10 Jul 2021 05:47 pm
Also Read
View All