
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला फोटो सोर्स-IANS
Om Prakash Rajbhar Statement:उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। पश्चिम बंगाल उपचुनाव को लेकर राजभर ने कांग्रेस पर गठबंधन की राजनीति को लेकर सवाल उठाए। वहीं, समाजवादी पार्टी के PDA रथ के भगवा रंग को लेकर भी उन्होंने अखिलेश यादव पर हमला बोला।
पश्चिम बंगाल उपचुनाव पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यह सब कांग्रेस ने किया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि, "अगर कांग्रेस वास्तव में गठबंधन बनाना चाहती थी तो उसने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन क्यों नहीं किया?" राजभर ने यह सवाल भी किया कि कांग्रेस ने किसी दलित नेता को प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव क्यों नहीं रखा? उनका कहना है कि विपक्षी दलों को गठबंधन की बात करने के साथ सभी संबंधित दलों को साथ लाने पर भी विचार करना चाहिए।
समाजवादी पार्टी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA वर्ग को जोड़ने के लिए अभियान की तैयारी कर रही है। इसके लिए पार्टी की ओर से PDA रथ तैयार किया गया है। रथ के भगवा रंग को लेकर अब सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के PDA रथ के भगवा रंग पर निशाना साधते हुए कहा कि, "उनका भगवा रंग यह साबित कर रहा है कि सावधान रहो, हम वहीं व्यक्ति हैं राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले। हम नकली रंग लेकर घूम रहे हैं। हम वही लोग हैं, जो सरकार में थे तो गुंडा-माफिया की तरह खुला घूम रहे थे और गैंगवार हो रहा था। वो याद दिला रहा है कि जो अपराधी सपा की सरकार में गुंडागर्दी करते थे, योगी जी के राज में बड़े माफिया या तो जमीन के अंदर चले गए या फिर जेल में चले गए।
ओपी राजभर ने आगे कहा कि सपा सरकार के दौरान जो राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं, यह भगवा रथ उसी इतिहास की याद दिला रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में इस तरह के हथकंडे कामयाब नहीं होने वाले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकारों के दौरान हुए दंगों में भारी नुकसान हुआ था और लूट, डकैती, छिनैती तथा हत्या जैसी घटनाएं आम बात बन गई थीं। लेकिन आज CM योगी के राज में इन सभी आपराधिक गतिविधियों पर काफी हद तक लगाम लग चुकी है और कोई भी अपराधी यदि अपराध करता है तो उसके खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जाती है।
राजभर के इन बयानों पर समाजवादी पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले PDA के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की सपा की कोशिश और भाजपा सरकार के मंत्रियों के हमले आने वाले दिनों में यूपी की राजनीति में प्रमुख मुद्दा बन सकते हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
19 Sept 2026 02:39 pm
Published on:
19 Sept 2026 02:03 pm
