
सपा सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा (IANS Photo)
Uttar Pradesh Election: उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने सरकार पर निशाना साधते हुए चुनाव के समय नौकरी और बड़े-बड़े वादे करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हर बार चुनाव आते ही BJP सरकार बड़ी संख्या में नौकरियां देने की घोषणाएं करती है और इस बार प्रदेश की जनता उसकी चाल समझ चुकी है। राम शिरोमणि वर्मा ने दावा किया कि इस बार नौकरी देने या पैसा बांटने से सरकार नहीं बनेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले छह महीने में राज्य के एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि साढ़े नौ वर्षों में पारदर्शी तरीके से साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में योगी ने साल 2017 से पहले की समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष नौकरी देने की गिनती करता रहे और सरकार युवाओं को नियुक्ति पत्र देती रहेगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्षों और सदस्यों को भर्ती प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती बोर्ड और आयोग राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त होकर काम करें और परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से कराई जाएं तो युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार में भर्ती प्रक्रिया के हर चरण पर ध्यान दिया जा रहा है। विज्ञापन जारी होने से लेकर परीक्षा कराने, परिणाम जारी करने और नियुक्ति पत्र देने तक की प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय में आयोगों और भर्ती बोर्डों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का भरोसा भर्ती प्रक्रिया से उठ गया था। उनका कहना था कि उस दौर में युवाओं को नौकरी के लिए प्रदेश से बाहर जाने की मजबूरी महसूस होती थी। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी का नाम लेते हुए कई भर्तियों में अनियमितताओं के आरोप लगाए।
Updated on:
19 Sept 2026 02:22 pm
Published on:
19 Sept 2026 01:45 pm
