- केन्द्रीय नियंत्रण कक्ष लखनऊ को 24 घंटे अलर्ट मोड पर - विभागीय मुख्यालय को हर छह घंटे पर सूचना देने का निर्देश - बंधों की निगरानी, 24 घंटे पेट्रोलिंग के निर्देश जारी - प्रमुख बंधों पर सीसीटीवी कैमरे रखेंगे जलस्तर पर नजर
लखनऊ. यूपी में मानसून सक्रिय हो गया है। झमाझम बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश
यूपी के लिए आफत साबित हो गई हैं। पूर्वांचल की नदियां इस वक्त उफान पर हैं। सभी बांधों की निगरानी बढ़ाई गई है। इसके साथ ही सिंचाई विभाग ने पूरे यूपी के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।
केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त सूचना के अनुसार, नेपाल के ऊपरी इलाकों में भारी बरसात से यूपी में पूर्वांचल की कई नदियों शारदा, घाघरा, सरयू व राप्ती नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इनमें से कई नादियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गई है। जिस वजह से पूर्वांचल के बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, गोरखपुर, कुशीनगर आदि जिलों के निचले इलाके में बाढ़ का पानी भरने लगा है।
खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं ये नदियां :- आयोग के अनुसार, गंगा नदी बदायूं में खतरे के निशान से 0.510 मीटर ऊपर बह रही है जबकि घाघरा बाराबंकी में एल्गिन ब्रिज के पास 0.106 मीटर, अयोध्या में 0.050 मीटर तथा बलिया के तुर्तिपार में 0.240 मीटर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। रोहिन नदी महाराजगंज के त्रिमोहिनीघाट पर 0.510 मीटर, क्वान नदी गोण्डा के चन्द्रदीपघाट पर 0.450 मीटर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। शारदा नदी पलिया में 0.700 मीटर खतरे के निशान से ऊपर है और इन सभी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
कई अन्य नदियों का भी बढ़ रहा जलस्तर :- केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश की कई अन्य नदियों के जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहे हैं। गोमती सीतापुर, लखनऊ तथा सुलतानपुर में बढ़ने लगी है जबकि जौनपुर में स्थिर बनी हुई है। गंगा कन्नौज, कानपुर, प्रयागराज, गाजीपुर व बलिया में तेजी से बढ़ रही है जबकि बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, रायबरेली व वाराणसी में यह स्थिर है।
24 घंटे पेट्रोलिंग के निर्देश :- नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखकर सिंचाई विभाग ने अलर्ट जारी किया है। केन्द्रीय नियंत्रण कक्ष लखनऊ को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहकर प्रदेश की सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर के उतार-चढ़ाव की जानकारी विभागीय मुख्यालय को हर छह घंटे पर देने के निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं बंधों की निगरानी बढ़ाने, 24 घंटे पेट्रोलिंग करने निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख बंधों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी जलस्तर पर नजर रखने को कहा गया है।
हाई अलर्ट जारी :- जलशक्ति मंत्री
उत्तर प्रदेश जलशक्ति मंत्री डा. महेन्द्र सिंह बताते हैं कि, नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। निगरानी रखी जा रही है। बंधों पर इमर्जेन्सी लाइट के साथ सीसीटीवी कैमरे से नजर है। सूचनाओं को एकत्र कर सेन्ट्रल कन्ट्रोल रूम विभागीय मुख्यालय के माध्यम से शासन को दे रहा है।