
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. UP Panchayat Election Results 2021 Updates : यूपी पंचायत चुनाव की मतगणना धीरे-धीरे खत्म होने की कगार पर है। मंगलवार सुबह तक सारे परिणाम सामने आ जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य ( jila Panchayat Member Election) के चुनाव में भाजपा-समाजवादी पार्टी (SP) में कांटे की टक्कर चल रही है। पूर्वांचल की कई सीटों पर समाजवादी पार्टी तो पश्चिम यूपी में राष्ट्रीय लोकदल, सत्ताधारी पार्टी भाजपा के लिए चुनौती बन गई हैं। कुछ जगह अप्रत्यशित रूप से भी रिजल्ट आए हैं, जिसने सभी को चौंका दिया है। कई मंत्री, विधायक और बड़े नेताओं के परिजनों को प्रधानी के इलेक्शन में मुंह की खानी पड़ी। ग्राम प्रधान बन कर ग्रामीणों की सेवा करने की ख्वाहिश मन ही में रह गई। और कुछ की किस्मत खुल गई तो कुछ इतने बदकिस्मत रहे कि प्रधानी का चुनाव तो जीत गए पर जिंदगी की दौड़ में हार गए। कोरोना काल में चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के डर की वजह से चुनाव जीते उम्मीदवार नाच, गाना, पटाखे दूर बस सिर्फ हाथ उठाकर 'वी' का निशाना बना रहे हैं।
खूब जीत रहे निर्दलीय :- यूपी में जिला पंचायत सदस्यों की कुल 3051 पद हैं। इनमें से शाम तक 1536 पदों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने 491 पर अपनी जीत दर्ज कराई है तो समाजवादी पार्टी 364 सीटों पर जीती है। काफी दिनों से जीत को तरस रही बहुजन समाज पार्टी ने भी अब तक 130 सीट जीत ली है। कांग्रेस के खाते में 52 और निर्दलीय के खाते में 499 सीटें गई हैं। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा और आरएलडी का गठबंधन ने शाम 3 बजे तक 150 से अधिक सीटों पर जीत चुका है।
कई सत्ताधरियों ने मुंह की खाई :- यूपी ग्राम पंचायत चुनाव में मंत्रियों और विधायकों को भारी झटका लगा। आलम यह रहा कि जो परिजन चुनाव लड़ रहे थे वह अपनी सीट तक नहीं बचा सके। योगी सरकार मे कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री के भतीजे आशीष को प्रधान पद के चुनाव में करारी हार मिली है। बस्ती के हरैया विधानसभा से भाजपा विधायक अजय सिंह की सगी भाभी कविता सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में हार हाथ लगी हैं। मैनपुरी के घिरोर ब्लॉक के वार्ड संख्या-18 से भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी संध्या यादव चुनाव हार गईं। संध्या यादव सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी हैं। उन्नाव जिले की माखी ग्राम सभा सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के हाथ से फिसल उनके चिरप्रतिद्वंदी शिशुपाल सिंह के हाथ में आ गई। सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के सगे भाई की पत्नी प्रधानी का चुनाव हार गई। जौनपुर जिला पंचायत सदस्य चुनाव में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला धनंजय सिंह ने अपनी जीत दर्ज कराई।
प्रधानी जीते पर जिंदगी हारे :- मैनपुरी, प्रतापगढ़, कन्नौज, बाराबंकी जैसे कई जिले हैं जहां पर उम्मीदवार प्रधानी का चुनाव तो जीत गए पर जिंदगी की डोर उनके हाथों से छूट गई। कोई पुरानी बीमारी से कोई कोरोना से तो किसी की खुशी से मौत हो गई। अब इन सभी रिक्त सीटों पर फिर से मतदान होगा।
कुल 3,19, 317 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित :- चुनाव आयोग के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य के सात, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2,005, ग्राम पंचायत प्रधान के 178 और ग्राम पंचायत सदस्य के 3,17,127 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इस प्रकार राज्य में चारों चरणों के चुनाव क्षेत्रों से कुल 3,19, 317 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये जा चुके हैं। बाकी अभ्ज्ञी फाइनल रिजल्ट का इंतजार है।
यूपी पंचायत चुनाव 2021
- चार चरणों में मतगणना- 15, 19, 26 और 29 अप्रेल
- ग्राम पंचायत प्रधान- 58,194
- ग्राम पंचायत सदस्य- 7,31,813
- क्षेत्र पंचायत सदस्य- 75,808
- जिला पंचायत सदस्य- 3,051