लखनऊ

प्रियंका की रणनीति क्या यूपी में बदल सकेगी कांग्रेस की किस्मत

- आपका टिकट कन्फर्म है... 50 नेताओं को कहा, चुनाव की तैयारी में जुटें- अगस्त तक करीब 200 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट होगी फाइनल
2 min read
Jun 22, 2021
priyanka_gandhi.jpg

लखनऊ. UP Assembly Election 2022 Update यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सूबे के सभी दल अपनी रणनीति बना रहे हैं। पर जहां सभी पार्टी अभी अपने कील कांटे दुरूस्त कर रही हैं वहीं कांग्रेस की गति कुछ तेज है। कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए करीब 50 नेताओं को फोन कर कह दिया है कि आपका टिकट पक्का है। चुनाव की तैयारियां करें। साथ ही और प्रदेश के सेनापति अजय कुमार लल्लू को निर्देश दिया है कि अगस्त तक प्रदेश की 200 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट तैयार कर लें। प्रियंका गांधी को तैयारियों में तेजी का फायदा मिल सकता है। और इस रणनीति से यूपी में कांग्रेस अपनी किस्मत को बदल सकती है।

अब पूरा फोकस अपने क्षेत्र पर रखें :- प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने इन 50 नेताओं कहाकि, अब पूरा फोकस अपने क्षेत्र पर रखें और क्षेत्र की जनता की ज्यादा से ज्यादा मदद करें। हर किसी के सुख-दुख में शामिल हों और उन्हें मौजूदा सरकार की खराब नीतियों के बारे में पूरे तर्क के साथ बताएं। बताया जा रहा है कि वर्ष 2017 चुनाव में जीतने वाले 7 में से 5 विधायकों को फिर से टिकट दिया जाएगा।

यह है वो नाम जिनके टिकट हुए फाइनल :- बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी ने जिनको फोन किया है, उनमें शामली से पंकज मालिक, पुरकाजी से दीपक कुमार, बेहट से नरेश सैनी, सहारनपुर से मसूद अख्तर, विलासपुर से संजय कपूर, इलाहाबाद से अनुग्रह नारायण, चमरौआ से यूसुफ अली तुर्क, पिंडरा से अजय राय, जैदपुर से तनुज पुनिया, मड़िहान से ललितेश त्रिपाठी, तमकुहीराज से अजय कुमार लल्लू, रामपुर खास से आराधना मिश्रा मोना, जौनपुर से नादीम जावेद, मथुरा से प्रदीप माथुर, कोल से विवेक बंसल, कानपुर कैंट से सुहेल अंसारी और फरेंदा से वीरेंद्र चौधरी सहित कई नेता शामिल हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि यूपी में 2022 का विधानसभा चुनाव पार्टी अकेले लड़ सकती है।

वीरेंद्र चौधरी और पंकज मलिक ने कहा, फोन आया था:- कांग्रेस यूपी प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहाकि, प्रियंका गांधी ने चुनाव लड़ने के लिए मौखिक तौर पर बोला है। करीब आठ माह पहले ही टिकट कन्फर्म होने से हमें ज्यादा से ज्यादा समय क्षेत्र में रहने और चुनाव तैयारी करने को मिलेगा। शामली सीट से पंकज मालिक ने भी कहाकि, लिस्ट अभी कोई आई नहीं है, लेकिन प्रियंका गांधी ने मौखिकतौर निर्देश दिया है कि, वर्ष 2022 की चुनावी तैयारी में जुट जाएं और टिकट की चिंता न करें।

बाकी का नाम फाइनल करने में जुटे लल्लू और साथी :- यूपी विधानसभा की कुल 403 सीटें है। संभावना के आधार पर 50 के टिकट फाइनल कर दिए गए हैं। बाकी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन के लिए यूपी कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी जोन के इंचार्ज नाम फाइनल करने में जुट गए है। टिकट बंटवारे में जाति, धर्म और क्षेत्र का संतुलन रणनीति का हिस्सा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू शीघ्र ही संभावित उम्मीदवारों की डिटेल तैयार कर प्रियंका गांधी को सौंपेगे। तेज गति की जा रही तैयारी प्रियंका गांधी की रणनीति का हिस्सा है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि तैयारियों की तेज गति से फायदा मिलेगा। और यूपी में कांग्रेस की किस्मत बदल सकेगी।

Updated on:
22 Jun 2021 12:52 pm
Published on:
22 Jun 2021 12:47 pm