Lucknow school firing news : लखनऊ के रहीमाबाद में प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान के प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह को स्कूल के अंदर घुसकर गोली मारी गई। 150 बच्चों में मची भगदड़। आरोपी विजय पाल वैगनआर कार से फरार।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद इलाके से एक रूहानी वारदात सामने आई है। यहां के जुगराजगंज स्थित प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान में गुरुवार दोपहर एक सिरफिरे युवक ने स्कूल के अंदर घुसकर प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह पर जानलेवा हमला किया। फायरिंग की आवाज से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और करीब 150 बच्चे चीखते-चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे जुगराजगंज का निवासी विजय पाल अपनी वैगन आर कार से स्कूल पहुंचा। वह हाथ में असलहा लहराते हुए सीधे प्रिंसिपल के ऑफिस में दाखिल हुआ। हमलावर को देख प्रिंसिपल अनिल सिंह कुर्सी से उठकर अलमारी के पीछे छिप गए। विजय पाल ने जब फायर किया, तो गोली पहले स्टील की अलमारी से टकराई और फिर प्रिंसिपल के पेट में जा धंसी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही शिक्षक जगदीश कुमार, रमेश कुमार और अमित कुमार अन्य स्टाफ के साथ दफ्तर की ओर दौड़े। उन्होंने हमलावर विजय पाल को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह खुद को छुड़ाकर और जान से मारने की धमकी देता हुआ अपनी कार से फरार हो गया।
घायल प्रिंसिपल को तुरंत सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।
रहीमाबाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मुख्य रूप से तीन पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आपसी संबंधों का विवाद हो सकता है या फिर पैसों के लेन-देन का मामला हो सकता है।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और कार के भागने के रूट (रहीमाबाद की तरफ) के आधार पर दबिश दी जा रही है।