
Shiva Sharma Murder Mystery:लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में हुई करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत और मॉडल श्रद्धा दुबे के फरार होने का मामला अब एक हाई-प्रोफाइल क्राइम मिस्ट्री बन चुका है। पुलिस की शुरुआती जांच और आधिकारिक बयानों के आधार पर यह साफ हो गया है कि इस घटना के पीछे सिर्फ आपसी विवाद नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग और डराने-धमकाने का एक बड़ा नेटवर्क था। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस और शुरुआती पड़ताल के मुताबिक, गत 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई थी। शिवा और श्रद्धा पिछले चार महीनों से उस फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जब पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तो शिवा के शरीर की स्थिति ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए। रिपोर्ट्स के अनुसार, शव पर सिर्फ अंडरवियर था, चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई थी और शरीर पर जगह-जगह सिगरेट से जलाने के निशान मिले थे। ऐसा लग रहा था कि मौत से पहले कारोबारी को गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मॉडल श्रद्धा दुबे केवल सोशल मीडिया पर रील्स बनाने तक सीमित नहीं थी। पुलिस उसके राजनेताओं के अलावा कई हिस्ट्रीशीटरों और गैंगस्टरों से संबंधों की भी जांच कर रही है। आरोप है कि श्रद्धा इन लोगों के नाम और नेटवर्क का इस्तेमाल कर दूसरों पर दबाव बनाती थी। बताया जा रहा है कि श्रद्धा मुख्तार अंसारी गैंग से संपर्क होने का दावा करके लोगों को धमकाती थी। आरोप है कि वह गैंग से जुड़े लोगों के जरिए फोन करवाकर भी लोगों पर दबाव बनाती थी। इसके अलावा, उस पर लोगों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर उन्हें ब्लैकमेल करने और पैसे वसूलने के आरोप भी हैं।
घटना के दिन श्रद्धा खुद घायल शिवा शर्मा को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लेकर गई थी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही श्रद्धा घबरा गई और उसने अपने पुराने दोस्त आमिर को फोन किया। आमिर अपनी स्विफ्ट कार लेकर तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचा और श्रद्धा तथा उसकी बहन रश्मि को अपनी गाड़ी में बैठाकर नेपाल बॉर्डर की तरफ निकल पड़ा। पुलिस के अनुसार, वे बहराइच के रूपईडीह इलाके तक पहुंचे, जो नेपाल सीमा के बेहद करीब है।
फिलहाल उत्तर प्रदेश पुलिस की तीन विशेष टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं। पुलिस को पुख्ता आशंका है कि श्रद्धा अपनी बहन के साथ नेपाल भाग चुकी है। सोशल मीडिया पर डेढ़ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाली ग्लैमरस मॉडल का यह सफर अब कानून के शिकंजे और सलाखों के पीछे खत्म होता नजर आ रहा है।