लखनऊ

साइबर जालसाजों ने पांच को ठगा, जरा सी नासमझी से गए लाखों, एफआईआर दर्ज

- पांच के खाते से 1.75 लाख रुपए उड़ाए
2 min read
• •
Updated: 18 Aug 2021, 11:11 AM IST
साइबर जालसाजों ने पांच को ठगा, जरा सी नासमझी से गए लाखों, एफआईआर दर्ज
साइबर जालसाजों ने पांच को ठगा, जरा सी नासमझी से गए लाखों, एफआईआर दर्ज

लखनऊ. यूपी में साइबर क्राइम की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। जरा सी चूक से साइबर जालसाज आपके खातों से लाखों रुपए पार कर दे रहे हैं। लखनऊ में साइबर क्राइम की पांच घटनाएं हुई। जिसमें जालसाजों ने दिवंगत लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी सहित पांच के खाते से 1.75 लाख रुपए उड़ा दिए। पीड़ितों ने विकासनगर, पारा, हजरतगंज, आलमबाग व चिनहट में एफआईआर दर्ज कराई है।

जानकारी हासिल कर निकाले 45 हजार :- राजधानी लखनऊ के विकासनगर के तीरथ अपार्टमेंट निवासी शिवानी श्रीवास्तव के पति लेफ्टिनेंट कर्नल भूपेश श्रीवास्तव की एक माह पहले मृत्यु हो गई थी। शिवानी ने बताया कि, आईडीबीआई में पति-पत्नी का संयुक्त खाता है। कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर फोन किया और पति की मौत के बाद डेबिट कार्ड शिवानी के नाम करने की बात कहकर, खाते सम्बंधित सभी जानकारियां हासिल कर ली। फिर ओटीपी हासिल कर खाते से 45 हजार रुपए उड़ा दिए।

क्यूआर कोड से 46 हजार रुपए निकले :- दूसरा केस डॉ. शकुंतला मिश्रा विवि से शोध कर रही पारा पिंक सिटी निवासी मधु शर्मा का बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। उनके मोबाइल पर एक क्यूआर कोड आया था, जिसे स्कैन करते ही खाते से 46 हजार रुपए साफ हो गए।

कस्टमर केयर से खाया धोखा :- तीसरा केस आलमबाग रेलवे कॉलोनी निवासी कविता रानी ने क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट की जानकारी के लिए कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया। इसके बाद खाते से 31 हजार रुपए निकल गए।

एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर ठगी :- चौथा केस गोमतीनगर विनयखंड-चार निवासी डॉ. राकेश्वर दयाल के एटीएम कार्ड का क्लोन बना कर 11 हजार रुपए निकाल लिए गए।

युवक ने ठगा :- पांचवां केस चिनहट ग्रीन सिटी निवासी विनोद सक्सेना का है। वह गोयल कॉम्प्लेक्स स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ गए थे। वहां एक युवक साफ-सफाई कर रहा था। पिन डालने के बाद युवक ने कहा कि सर्वर डाउन है। आप दूसरे एटीएम में चले जाएं। वह दूसरे एटीएम जा रहे थे कि मोबाइल पर 50 हजार रुपए निकल जाने का मैसेज आ गया।

Updated on:
18 Aug 2021, 11:11 AM IST
Published on: