- मुजफ्फरनगर में सबसे न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज - पूरे प्रदेश में अब तक सिर्फ 433.8 मिमी बरसात - औसत अनुमान से 10 फीसद कम हुई बरसात- यूपी में उमस की तीव्रता बढ़कर 79 हुई
लखनऊ. UP Monsoon 2021 Weather Updates- उत्तर प्रदेश में मौसम करवट ले रहा है। दक्षिण पश्चिम मानसून करीब दो हफ्तों बाद देश के उत्तरी हिस्सों में फिर सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने कहाकि, उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों में भारी बारिश की संभावना है।
45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं:- मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि, यूपी के 25 जिलों में अगले तीन दिन भारी बरसात होगी। 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कुछ जिलों में हवाएं चल सकती हैं। कुछ जिलों में बिजली की गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
आगरा सबसे गर्म शहर :- मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में 9.5 मिमी औसत बारिश का अनुमान लगाया था, पर 2.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आगरा शहर सबसे 38 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा है। मुजफ्फरनगर में सबसे न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बरसात अनुमान से 10 फीसद कम :- निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि, मानसून का आधा समय बीत चुका है। अब तक सिर्फ 433.8 मिलीमीटर बरसात पूरे प्रदेश में हुई है। यह औसत अनुमान से 10 फीसद कम है। प्रदेश में उमस की तीव्रता 79 है जो कि, 76 होनी चाहिए थी।