लखनऊ

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, योगी-मोदी समेत 40 नेता शामिल

Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को 'स्टार प्रचारकों' की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी, पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 40 नेताओं को जगह दी गई है।

1 minute read
Oct 26, 2024

Maharashtra Assembly Elections 2024: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा नेतृत्व की ओर से शनिवार को जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची में सीएम योगी, पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत 40 नेताओं को जगह दी गई है। इस लिस्ट में सबसे पहला नाम पीएम मोदी का है, जो 7 से 14 नवंबर के बीच 10 रैलियों को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शामिल स्टार प्रचारकों की लिस्ट में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का नाम शामिल हैं।

इन नेताओं को भी भाजपा ने बनाया स्टार प्रचारक

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुरलीधर मोहोल और भाजपा के संयुक्त सचिव शिव प्रकाश को भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह दी गई है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इसके अलावा प्रवीण दारेककर और संजय कुटे, अमर साबले, अशोक नेटे और नवनीत राणा भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।

डिप्टी सीएम भी करेंगे चुनाव प्रचार

महाराष्ट्र भाजपा के नेताओं को भी 'स्टार प्रचारकों' की सूची में शामिल किया गया है। इनमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद नारायण राणे, अशोक चव्हाण, पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे, उदयनराजे भोसले, विनोद तावड़े, आशीष शेलार, पंकजा मुंडे, चंद्रकांत पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार, राधाकृष्ण विखे-पाटिल, गिरीश महाजन और रवींद्र चव्हाण का नाम शामिल हैं।

Also Read
View All

अगली खबर