लोकसभा चुनाव को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने अपनी रणनीति का किया खुलासा.
लखनऊ. लोकसभा चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के रविवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रसपा लोहिया के पार्टी कार्यालय में लखनऊ व लखीमपुर जिलों के सैकड़ों नेता, युवा व महिलाएं राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान शिवपाल सपा-बसपा गठबंधन व भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
यह लोग हुए शामिल-
प्रसपा लोहिया महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना राठौर के मार्गदर्शन में लखनऊ से देवेन्द्र कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष क्षत्रिय महासभा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने सदस्यता ली, वहीं लखनऊ की दीप्ति सिंह के नेतृत्व में कई महिलाओं ने भी सदस्यता ग्रहण की। प्रसपा लोहिया के लखीमपुर से प्रदेश सचिव राजीव गुप्ता द्वारा लखीमपुर जनपद के सबसे बड़े सांई मन्दिर के अध्यक्ष व वैगास भूसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों को शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी में शामिल कराया।
मायावती-अखिलेश पर किया हमला-
इस मौके पर शिवपाल यादव ने पार्टी को और मजबूती प्रदान करने व पार्टी को आगे बढ़ाने के लिये एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। साथ ही सपा-बसपा गठबंधन पर मायावती व अखिलेश यादव की हकीकत बताई। बसपा प्रमुख को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें तो पूरा देश जानता है, वह विश्वास करने लायक नहीं है। वहीं अखिलेश यादव को धोखेबाज बताते हुऐ उन्होंने कहा कि जिसने नेता जी को धोखा दिया, अपमान किया, इन पर कौन विश्वास करेगा।
भाजपा ने कोई वायदा पूरा नहीं किया-
भाजपा को आड़े हाथों लेते हुऐ प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इन पर लोगों का भरोसा उठ गया है। सबका साथ, सबका विकास, अच्छे दिन आयेंगे, काला धन लायेंगे, बेरोजगारों को 2 करोड रोजगार देंगे, भ्रष्टाचार तीन महीने में खत्म हो जायेगा आदि, भाजपा ने इसमें से कुछ भी नहीं किया। सब खोखले वादें साबित हो गये हैं।
80 सीटों पर चुनाव लड़ना है-
शिवपाल सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि लोकसभा के चुनाव पर हमें 80 सीटों पर चुनाव लड़ना है। उन्होंने कहा कि हम एक समान विचारधारा के लोगों से बात करेंगे, हमारी सेक्यूलर लोगों से बात चल रही है और जल्द ही फैसला होगा।
उन्होंने कहा कि यह निश्चित तय है कि अबकी बार केन्द्र में जो सरकार बनेगी वह बिना प्रसपा लोहिया के सहयोग से नहीं बनेगी।