लखनऊ

लखनऊ में लगे कृष्ण जन्मभूमि धर्म संसद के पोस्टर, अखिलेश यादव से पूछा- क्या चुनावी रथ पहुंचेगा?

Akhilesh Yadav: लखनऊ के 1090 चौराहा पर कृष्ण जन्मभूमि धर्म संसद को लेकर पोस्टर लगाया गया है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से लगाए गए इस पोस्टर में भगवान कृष्ण को सुदर्शन चक्र धारण किए दिखाया गया है। पोस्टर के जरिए अखिलेश यादव से पूछा गया है कि क्या उनका चुनावी रथ धर्म संसद में शामिल होगा।
2 min read
• •
Updated: 30 Sep 2026, 12:09 PM IST
UP News
लखनऊ में लगे कृष्ण जन्मभूमि धर्म संसद के पोस्टर IANS Photo

Uttar Pradesh News: मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर लखनऊ में विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से धर्म संसद का ऐलान किया गया है। परिषद ने 4 अक्टूबर को लखनऊ में धर्म संसद आयोजित करने की बात कही है। इसे लेकर राजधानी के कई प्रमुख चौराहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सीधे संबोधित किया गया है। संगठन ने पोस्ट के जरिए उन्हें धर्म संसद में आने का न्योता भी दिया है।

अखिलेश यादव से पूछा गया सवाल

विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से अंबेडकर चौराहा, 1090 चौराहा, बंदरिया बाग चौराहा और हजरतगंज चौराहा समेत कई जगहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे और 4 अक्टूबर को होने वाली धर्म संसद का जिक्र किया गया है। पोस्टर पर अखिलेश यादव का नाम लिखकर सवाल किया गया कि अखिलेश यादव, यदुवंशी जानना चाहते हैं कि आपका चुनावी रथ क्या कृष्ण जन्मभूमि धर्म संसद में भी आएगा? इस सवाल के जरिए परिषद ने अखिलेश यादव को धर्म संसद में शामिल होने का न्योता दिया है। संगठन की ओर से लगाए गए पोस्टरों के जरिए श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को लेकर लोगों का ध्यान भी खींचने की कोशिश की गई है।

बादल यादव ने लगाए पोस्टर

ये पोस्टर विश्व हिंदू रक्षा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष बादल यादव की ओर से लगाए गए हैं। संगठन का कहना है कि कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा हिंदू समाज के लिए महत्वपूर्ण है। इसी मुद्दे को लेकर 4 अक्टूबर को धर्म संसद का आयोजन किया जा रहा है। परिषद की ओर से लोगों से भी धर्म संसद में पहुंचने की अपील की जा रही है। संगठन ने लखनऊ के अलग-अलग प्रमुख चौराहों पर पोस्टर लगाकर कार्यक्रम को लेकर जानकारी सार्वजनिक की है।

पहले भी ऐलान कर चुका संगठन

श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद पहले भी कई बार बड़े ऐलान कर चुका है। अब संगठन ने एक बार फिर लखनऊ में पोस्टर लगाकर धर्म संसद की घोषणा की है। इस बार पोस्टरों में अखिलेश यादव को सीधे संबोधित करते हुए उनसे सवाल पूछा गया है। ऐसे में धर्म संसद के ऐलान के साथ अखिलेश यादव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

Updated on:
30 Sep 2026, 12:09 PM IST
Published on: