लखनऊ

भारी बारिश-तूफान से तबाही के बीच मायावती का बड़ा निर्देश, बोलीं- प्रभावित लोगों की मदद में जुटें BSP कार्यकर्ता, अलग फंड न जुटाएं

Bahujan Samaj Party: भारी बारिश और तूफान से प्रभावित लोगों की मदद के लिए मायावती ने BSP कार्यकर्ताओं से आगे आने की अपील की। उन्होंने अलग से धन जुटाने से मना किया और राज्य व केंद्र सरकारों से प्रभावित लोगों को राहत देने की मांग की।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
mayawati on brics summit global conflicts cooperation
बसपा सुप्रीमो मायावती (PC: ANI)

Uttar Pradesh News: देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और तूफान से बने हालात के बीच बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को आगे आने को कहा है। उन्होंने खास तौर पर सेक्टर नंबर-1 और सेक्टर नंबर-2 के तहत आने वाले राज्यों में BSP कार्यकर्ताओं से अपनी क्षमता के अनुसार लोगों की मदद करने की अपील की है। मायावती ने साफ कहा है कि राहत के नाम पर अलग से पैसा इकट्ठा नहीं किया जाना चाहिए, ताकि इसका कोई गलत फायदा न उठा सके।

प्रभावित लोगों की पूरी मदद की मांग

मायावती ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तूफान के कारण आम लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित राज्य सरकारों से प्रभावित लोगों को हर स्तर पर पूरी मदद देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जैसा कि यह विदित है कि पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न भागो में भारी वर्षा व आंधी, तूफान आदि के कारण जनता काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे कुदरती विकट हालात में सम्बन्धित सभी राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर पूरी-पूरी मद्द करनी चाहिये। बी.एस.पी. की यह मांग है।

महाराष्ट्र के किसानों को राहत देने की मांग

मायावती ने महाराष्ट्र के उन इलाकों का भी जिक्र किया, जहां लोग सूखे की मार झेल रहे हैं। उन्होंने खास तौर पर किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य सरकार को केवल औपचारिकता नहीं निभानी चाहिए, बल्कि प्रभावित लोगों की जमीनी स्तर पर सही तरीके से मदद करनी चाहिए। उन्होंने किसानों को फौरी राहत देने के लिए ठोस प्रयास करने की मांग की।

तीन सेक्टर में बांटा गया BSP संगठन

मायावती ने बताया कि देश में BSP संगठन को मजबूत करने और सर्वसमाज में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए संगठन को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। सेक्टर नंबर-1 में 10 राज्य शामिल हैं। इन राज्यों में BSP राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के तौर पर पार्टी का काम देख रहे हैं।

सेक्टर नंबर-2 में नौ राज्य शामिल हैं। इन राज्यों की जिम्मेदारी पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतरसिंह राव को दी गई है। वहीं, सेक्टर नंबर-3 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। इन दोनों राज्यों का काम लखनऊ स्थित पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय 9 माल एवेन्यू से सीधे देखा जा रहा है।

अलग से फंड नहीं जुटाने के निर्देश

मायावती ने सेक्टर नंबर-1 और सेक्टर नंबर-2 के चारों केंद्रीय सेक्टर प्रभारियों से कहा है कि वे अपने-अपने राज्यों में भारी बारिश और तूफान से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को आगे करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपनी सामर्थ्य के हिसाब से लोगों की मदद करें, लेकिन इसके लिए अलग से धन इकट्ठा नहीं किया जाना चाहिए।

जरूरत पर खुद प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगी

मायावती ने कहा कि ज्यादा प्रभावित राज्यों में जरूरत पड़ने पर BSP के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भी भेजा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सेक्टर नंबर-3 में शामिल उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के हालात पर उनकी खुद भी नजर है। जरूरत पड़ने पर वह इन राज्यों के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी कर सकती हैं।

Updated on:
27 Sept 2026 12:54 pm
Published on:
27 Sept 2026 11:42 am