
BSP Supremo Mayawati: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आकाश आनंद की पार्टी में वापसी और उन्हें फिर से नेशनल कोआर्डिनेटर बनाए जाने के पर सफाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मायावती ने मीडिया रिपोर्टों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आकाश आनंद को पार्टी से 4 बार निकाले जाने की खबरें सही नहीं हैं। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद को कल ही दोबारा BSP में लाया गया है और उन्हें फिर से पार्टी का नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। इसके बाद से वह पार्टी के काम में जुट गए हैं।
मायावती ने अपनी पोस्ट में स्थिति साफ करते हुए कहा कि आकाश आनंद अपनी शादी से पहले भी पार्टी में बेहद सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और तब उन्हें कभी पार्टी से निष्कासित नहीं किया गया था। बसपा सुप्रीमो ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि अशोक सिद्धार्थ के साथ रिश्ते में जुड़ने के बाद आकाश आनंद के राजनीतिक और व्यक्तिगत प्रभाव को लेकर कई ऐसी परिस्थितियां बनीं, जिनसे आकाश आनंद की छवि प्रभावित हुई। सिद्धार्थ ने अपने निजी स्वार्थ के लिए आकाश आनंद की छवि को खराब करने की कोशिश की।
आकाश आनंद को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने का कारण स्पष्ट करते हुए मायावती ने लिखा कि आकाश में सुधार लाने के खास मकसद से ही उन्हें कई बार पार्टी से निष्कासित करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि जब आकाश को अपनी गलतियों का अहसास हुआ तो उन्हें वापस पार्टी में अहम जिम्मेदारी दे दी गई।
बसपा प्रमुख ने आकाश आनंद के भविष्य पर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जबकि अशोक सिद्धार्थ सन्यास ले चुके हैं तो भविष्य में ऐसी कोई स्थिति नहीं बनेगी कि पार्टी को आकाश आनंद से दोबारा अलग होना पड़े। मायावती ने कहा कि जैसे शादी से पहले आकाश ने कभी शिकायत का मौका नहीं दिया था वैसे ही अब वह राजनीति में लगातार आगे बढ़ेंगे। मायावती ने उम्मीद जताई कि अब वह पार्टी में लगातार आगे बढ़ेंगे और राजनीति में अपनी भूमिका मजबूत करेंगे।
मायावती ने मीडिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मीडिया संस्थानों ने इस बात को काफी बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है कि आकाश आनंद को चार बार निकाला गया और फिर से नेशनल कोआर्डिनेटर बना दिया गया। उन्होंने मीडिया को नसीहत दी है कि आकाश आनंद के निष्कासन की खबर दिखाते समय मीडिया को इस पूरी सच्चाई और वजह को भी प्रमुखता से जनता के सामने रखना चाहिए। मीडिया को इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति को सामने रखते हुए रिपोर्टिंग करनी चाहिए।