लखनऊ

यूपी में आंधी बारिश और ओलावृष्टि से पारा गिरा-फसल तबाह, चार लोगों की मौत, नया अलर्ट जारी

UP Weather News : उत्तर प्रदेश में तेज गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि से तापमान गिर गया है। कहीं-कहीं ज्यादा बारिश से किसानों की फसलें तबाह हो गई। जबकि चार लोगों की जान भी गई है।
2 min read
• •
Updated: 25 Apr 2023, 11:01 AM IST
Mercury dropped due to rain and hailstorm in UP

UP Weather News : उत्तर प्रदेश में वैसाख के महीने में सावन-भादो जैसी गरज और चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि से तापमान गिर गया है। कहीं-कहीं ज्यादा बारिश से किसानों की फसलें तबाह हो गई। जबकि अचानक बिगड़े मौसम से चार लोगों की जान भी गई है। सोमवार दोपहर बाद अचानक काले बादलों का डेरा आ गया। देखते ही देखते तेज आंधी व गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी। बुंदेलखंड के जालौन समेत मध्य यूपी के ज्यादातर जिलों में ओले भी गिरे।

यहां हो गई चार लोगों की मौत
हिन्दी अखबार हिन्दुस्तान में छपी खबर के अनुसार, हरदोई के अतरौली थाने के ग्राम भैंसासुर में तेज आंधी के बीच एक बिजली का पोल टूटकर तीन साल की बच्ची के ऊपर गिर पड़ा। उसका पेट फट गया और मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उन्नाव के बारासगवर इलाके में आंधी में गिरे पेड़ के नीचे दबने से एक महिला की जान चली गई।

कानपुर देहात के सुजौर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं, औरैया में तेज आंधी से टीनशेड उड़कर पानी भर रही एक किशोरी की गर्दन में जा लगा। गंभीर रूप से घायल किशोरी की अस्पताल में मौत हो गई।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, एक नये पश्चिमी विक्षोभ के विकसित होने से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी अंचलों में 28 अप्रैल तक बदली-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बीच में एक दिन 26 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा मगर मंगलवार 25 अप्रैल को प्रदेश के पूर्वी अंचलों में बारिश के आसार बन रहे हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि 27 व 28 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में बादल छाए रहेंगे और हल्की से सामान्य बारिश हो सकती है।

Updated on:
25 Apr 2023, 11:01 AM IST
Published on: