
लखनऊ। 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर डालीगंज स्थित प्रतिष्ठित मनकामेश्वर मठ-मंदिर की ओर से सोमवार 25 जनवरी को मिशन शक्ति तिरंगा यात्रा मनकामेश्वर घाट उपवन से मंदिर परिसर तक निकाली गई। मिशन शक्ति के तहत तिरंगे के रंग में वेशभूषा पहन कर 72 बालिकाएं, युवतियां और महिलाएं, यात्रा में शामिल हुईं। मनकामेश्वर मठ-मंदिर की महंत देव्यागिरि की अगुआई में बाबा मनकामेश्वर का तिरंगामयी सोमवारीय भव्य श्रंगार कर महा आरती की गई।
गोमती तट से उठा तिरंगे का सैलाब, मनकामेश्वरधाम में हुआ समाहित
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मनकामेश्वर घाट उपवन से भारत माता की जय, बम बम भोले, जय भोले के जय घोषों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। डमरू, झांझ, मंजीरें जैसे वाद्यों को बजाते युवाओं का उत्साह देखते ही बना। इस साल 72वां गणतंत्र दिवस है इसलिए विशेष तौर से 72 बालिकाओं, युवतियों और महिलाओं ने तिरंगामय वस्त्र धारण कर तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं। मनकामेश्वर घाट उपवन पर भारत माता की तस्वीर का पूजन किया गया। तिरंगा यात्रा में भारत माता के रुप में बालिका अनामिका शामिल हुईं। इस यात्रा का स्वागत जगह जगह फूलों से किया गया। मन्दिर पहुंचने पर तिरंगा यात्रा का स्वागत शंखनाद कर किया गया।
नृत्य गायन का हुआ समारोह
सांस्कृतिक कार्यक्रम मंदिर परिसर में महंत देव्यागिरि की उपस्थित में हुए। आरती गुप्ता की वंदना के बाद माही और प्रियंका ने देश रंगीला, सुनीता और प्रियंका ने पतवार, वंदना मिश्रा ने फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी, अंशिका ने नन्हा मुन्ना राही हूं और माही मिश्रा ने मेरा जूता है जापानी गाने पर सुंदर नृत्य किया।
तिरंगामय हुए बाबा मनकामेश्वर
सोमवारी आरती महंत देव्यागिरि ने देर शाम को की। इससे पहले बाबा मनकामेश्वर का तिरंगा मय श्रंगार किया गया। महंत देव्यागिरि ने मंदिर परिसर में स्थापित हर देवी देवता की आरती की। इस अवसर पर परिसर ढोल ताशे, डमरू, झांझ मंजीरे और शंखनाद संग जयकारों से गूंज उठा।