
पत्रकारों से बातचीत करते उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक (फोटो- पत्रिका)
SP PDA Rath Yatra: समाजवादी पार्टी के पीडीए रथ यात्रा को लेकर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अलग-अलग रूप धारण कर रही है, क्योंकि वह जानती है कि लोग उससे तंग आ चुके हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी और अराजकता की पार्टी है और इसी वजह से वह जनता के सामने अलग-अलग रूपों में सामने आ रही है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा हमेशा असामाजिक तत्वों और माफिया के साथ खड़ी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ बनाया था। पाठक ने कहा कि योगी सरकार ने माफिया और गुंडों पर कार्रवाई कर उन्हें खत्म किया है। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो जेल में बंद गुंडों और माफिया को फिर से राहत मिलेगी और उन्हें बाहर निकालकर जनता में दोबारा डर का माहौल बनाने का काम किया जाएगा।
बसपा प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए रथ’ को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख का प्रचारित पीडीए रथ लाल रंग से ज्यादा आरएसएस और भाजपा के भगवा रंग में नजर आ रहा है। मायावती ने सवाल किया कि क्या यह वोट के लिए लगातार रंग बदलने की कोशिश है या फिर सपा प्रमुख का मुस्लिम वोटों से भरोसा उठ गया है।
मायावती ने कहा कि यूपी के मुस्लिम समाज को पिछले चुनावों का अनुभव है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज ने सपा को बड़ी संख्या में एकतरफा वोट दिया, लेकिन इसके बावजूद सपा भाजपा को यूपी और केंद्र में सरकार बनाने से नहीं रोक पाई। ऐसे में बार-बार सपा को वोट देकर अपना वोट क्यों खराब किया जाए। मायावती ने दावा किया कि मुस्लिम समाज अब ब्राह्मण समाज की तरह तेजी से बसपा की ओर अपना रुख बदल रहा है।
मायावती ने कहा कि सपा को जनता को यह भी बताना चाहिए कि उसके पीडीए की असली पहचान क्या है। उन्होंने कहा कि चुनावी फायदे के लिए कभी पीडीए को पिछड़ा और दलित बताया गया तो कभी पंडित बताया गया। मायावती ने यह भी कहा कि खुद को अंबेडकरवादी दिखाने के लिए सपा नेताओं ने बसपा के नीले रंग के कपड़े पहनकर तस्वीरें खिंचवाईं, लेकिन लोगों ने उन्हें फेक अंबेडकरवादी कहकर खारिज कर दिया।
Updated on:
21 Sept 2026 12:46 pm
Published on:
21 Sept 2026 12:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
